यूनेस्को ने नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे अच्छा प्रधानमंत्री घोषित किया, ऐसी अफवाह चली और सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों का तांता लग गया।
अफवाह बीते गुरुवार को व्हॉट्सऐप और ट्विटर पर फैल गई, लेकिन शुक्रवार की शाम को इस बारे में आगाह किया गया। तब तक पीएम मोदी को बधाई संदेश देने वालों में बिलियर्ड और स्नूकर स्टार पंकज आडवाणी भी शामिल हो गए।
आडवाणी ने ट्वीटर पर अपने करीब ढाई लाख फॉलोअर्स को लिखा ''यूनेस्को ने पीएम मोदी को सबसे अच्छा प्रधानमंत्री करार दिया, इसके लिए प्रधानमंत्री जी को शुभकामनाएं।'' इसके बाद आडवाणी को अफवाह के बारे में अवगत कराया गया और उन्होंने फिर से ट्वीट किया ''मेरी जानकारी गलत निकली, लेकिन इस अफवाह पर मैंने इतना ज्यादा ध्यान बटोरा जितना वर्ल्ड टाइटल जीतने पर भी नहीं मिला था।''
आडवाणी के अलावा कई लोगों ने पीएम मोदी को सोशल मीडिया पर बधाई दी और संदेश को शेयर करने के लिए निवेदन किया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक @manvendraverma7 उन शुरुआती बधाई देने वालों में पहले थे, जिन्होंने लिखा'' सभी को बधाईयां कि पीएम नरेंद्र मोदी को यूनेस्को ने सबसे अच्छा प्रधानमंत्री घोषित कर दिया।''