सभी महिला कर्मचारी वाले देश के पहले रेलवे स्टेशन को लिम्का बुका ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल कर लिया गया है। ये स्टेशन महाराष्ट्र में स्थित माटुंगा मध्य रेलवे के तहत आता है। पिछले साल जुलाई में माटुंगा देश का पहला ऐसा स्टेशन बन गया था जहां पर काम करने वाली सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि हमें आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मध्य रेलवे द्वारा माटुंगा में सभी महिला कर्मचारियों की नियुक्ति के छह महीने बाद इस स्टेशन को 2018 के लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह मिल गई है।
उन्होंने कहा कि इसका श्रेय मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डीके शर्मा को जाता है, जिन्होंने महिलाओं को सशक्त करने वाले इस मुहिम की शुरुआत की। स्टेशन पर 41 महिला कर्मचारियों की एक टीम में आरपीएफ, वाणिज्यिक और ऑपरेटिंग विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी स्टेशन प्रबंधक ममता कुलकर्णी के तहत काम करती हैं।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने कहा कि कर्मचारी पिछले छह महीनों से लगातार स्टेशन के सभी कार्यों का प्रबंधन कर रहे हैं और परिणाम सकारात्मक और उत्साहजनक हैं। यह पूरा विचार एक ऐसा माहौल बनाने को लेकर है जहां महिलाओं को इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए कि वो अपने व्यक्तिगत और पेशेवर निर्णय स्वयं ले सकें।