मंगलवार को नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस टिटवाला के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा मुंबई से 70 किमी की दूरी पर हुआ, जिसमें ट्रेन के इंजन समेत 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। बीते 11 दिनों के अंदर देश में ये 5वां रेल हादसा है।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा बारिश के चलते हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण रेल की पटरी का एक भाग बह गया था, जिस कारण यह हादसा हुआ। हालांकि हादसे का कारण जो भी हो लेकिन लोगों को बचाने का श्रेय ट्रेन के ड्राइवर को जाता है।
पढ़ें: बारिश से बेहाल मुंबई, कई रूट पर शुरू हुई लोकल ट्रेनें, स्कूल-कॉलेज बंद
एक अधिकारी ने बताया कि खतरे की आशंका होने पर ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगा दिए थे, जिसके बाद हादसे की जगह तक पहुंचते-पहुंचते ट्रेन की स्पीड काफी कम हो चुकी थी। ट्रेन की स्पीड कम होने के कारण हादसे में कोई नुकसान नहीं हुआ। जिस वजह से ट्रेन में मौजूद 1200 लोगों की जिंदगी बच गई।
गौरतलब है कि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ए लोहानी ने बताया था कि लैंडस्लाइड की वजह से दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन और 9 कोच पटरी से उतर गए थे। इस दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ था। जो पैसेंजर इस दुर्घटना से प्रभावित हैं उनके लिए बसों का अरेंजमेंट किया गया था।