तेमजेन इमना अलोंग ने साझा कीं जबरदस्त तस्वीरें।
- फोटो : Twitter/@AlongImna
नगालैंड के लोकप्रिय नेता और भाजपा अध्यक्ष तेमजेन इमना अलोंग सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट्स को लेकर काफी चर्चा में रहते हैं। खासकर अपनी हास्यवृत्ति और कुछ चौंकाने वाले तस्वीरों और वीडियोज के लिए। हाल ही में उन्होंने दो नए पोस्ट्स किए हैं, जिनमें एक बार फिर उन्होंने अपनी इसी हंसाने और चौंकाने वाली कला का फिर प्रदर्शन किया।
तेमजेन ने बुधवार रात को ही नगालैंड की राजधानी कोहिमा की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की। इसमें उन्होंने कोहिमा की रात की खूबसूरती दिखाई है। तस्वीर में गहरी अंधेरी रात के वक्त कोहिमा को लाइटों की चादर में देखा जा सकता है। तेमजेन ने इस फोटो के कैप्शन में लिखा, 'कोहिमा की खूबसूरती।'
इससे कुछ ही घंटे पहले अपने एक और पोस्ट में नगालैंड सरकार में मंत्री ने फैंस को हंसाने वाला एक पोस्ट किया। इसमें तेमजेन को भाजपा के कुछ नेताओं के साथ एक पत्थर की रेलिंग पर बैठे देखा जा सकता है। हालांकि, जहां बाकी नेता सामने लगे कैमरे में फोटो के लिए देखते नजर आ रहे हैं, वहीं तेमजेन साइड में लगे दूसरे कैमरे की तरफ सिर घुमाए हुए हैं। तेमजेन ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "मुझ पर फोकस करने वाले लेंस के लिए। मगर मेरा टाइमिंग तो देखो।"
लोगों ने किए जबरदस्त कमेंट्स
तेमजेन के इन दोनों ही पोस्ट्स पर जबरदस्त कमेंट्स आए हैं। जहां कोहिमा की खूबसूरती वाली तस्वीर को लोगों ने मंत्रमुग्ध करने वाला बताया, तो वहीं उनकी 'टाइमिंग' वाली फोटो पर एक व्यक्ति ने लिखा- "आप टाइमिंग के लिए ही जाने जाते हो।" वहीं एक और शख्स ने लिखा- "आपका फोकस लाइफ में बिल्कुल सही है।"