नाभा जेल कांड में मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रमनजीत सिंह रोमी को हांगकांग में गिरफ्तार कर लिया गया है। 2016 के नाभा जेल कांड में नाम आने के बाद गृह मंत्रालय ने रोमी खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया था जिसके बाद शुक्रवार को रोमी को हांगकांग में एक लूट के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि की और कहा कि इस मामले को लेकर विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा गया है।
27 नवंबर 2016 को नाभा जेल से 4 गैंगस्टर और दो आतंकवादी फरार हो गए थे। जिनमें से खालिस्तानी लिबरेशन फोर्स के चीफ हरमिंदर सिंह मिंटू को पुलिस ने कुछ घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया था जबकि एक अन्य आतंकवादी कश्मीर सिंह अभी भी पुलिस पहुंच से बाहर है।
इस कांड में शामिल मुख्य आरोपी गैंगस्टर विक्की गौंडर पिछले दिनों पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है। रोमी को इससे पहले 2016 में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वह हांगकांग भाग गया।