तमिलनाडु के मदुरै में मंगलवार को नाम तमिलर काची के एक वरिष्ठ पदाधिकारी की एक अज्ञात गिरोह ने हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि परिवार के बीच संपत्ति विवाद को लेकर उनकी हत्या के कुछ घंटों बाद तल्लाकुलम पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। इस मामले में पार्टी के मुख्य समन्वयक सीमन ने हत्या की निंदा की और पुलिस से दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने का आग्रह किया है।
पुलिस ने हत्या में किसी भी राजनीतिक मकसद से किया इनकार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पदाधिकारी - बालासुब्रमण्यम - सुबह की सैर पर थे, तभी गिरोह ने उनका पीछा किया और उनकी हत्या कर दी। बता दें कि नाम तमिलर काची (एनटीके) के मदुरै जिले के उप सचिव बालासुब्रमण्यम की हत्या, चेन्नई में बहुजन समाज पार्टी के राज्य प्रमुख के आर्मस्ट्रांग की हत्या के कुछ दिनों बाद हुई है। हालांकि, पुलिस ने बालासुब्रमण्यम की हत्या में किसी भी राजनीतिक मकसद से इनकार किया है।
दिन-दहाड़े हत्याओं के लिए डीएमके सरकार जिम्मेदार: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु में कानून व्यवस्था के लगातार खराब होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रही राजनीतिक हत्या के लिए डीएमके सरकार जिम्मेदार है और देशभर में जा रहे राहुल गांधी न्याय दिलाने के लिए तमिलनाडु कब जाएंगे।
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि तमिलनाडु में एक और राजनीतिक हत्या को अंजाम दिया गया। आर्मस्ट्रांग (बसपा के नेता) और पीएमके के एक नेता के बाद अब एनटीके के एक नेता को दिन-दहाड़े मार दिया गया। सोचिए कि तमिलनाडु में किस प्रकार से अपराध बढ़ता जा रहा है। इसके लिए सीधे तौर पर स्टालिन की जिम्मेदारी है जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं।
उन्होंने कहा, इससे पहले तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में अवैध शराब के कारण लोग मारे गए थे और अब राज्य में लक्ष्य बनाकर नेताओं की हत्या की जा रही है। मगर, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन ने अभी तक इन घटनाओं पर कोई बयान नहीं दिया है।
उन्होंने आगे कहा, 'राहुल गांधी पूरे देश में तो भ्रमण करते हैं, लेकिन उन्हें अभी तक तमिलनाडु जाने का समय नहीं मिला है। आखिर राहुल गांधी तमिलनाडु कब जाएंगे और कब स्टालिन से बोलेंगे कि इन लोगों को न्याय दिलवाएं।'