भाजपा मुस्लिमों को अपने पाले में लाने की खूब कोशिश कर रही है। इस काम में भाजपा ने अपने अल्पसंख्यक मोर्चे और मुस्लिम नेताओं को लगा रखा है। समय-समय पर भाजपा के नेता अपने मुस्लिम प्रेम को दिखाते भी रहते हैं। मुसलमान महिलाओं के उत्थान के लिये सरकार ने तीन तलाक को लेकर कानून भी बनाया है। वहीं इस बीच, तेलंगाना में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मुस्लिमों का समर्थन हासिल करने में भाजपा की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। दरअसल, विकाराबाद जिले में भाजपा नेता ने यहां के एक मस्जिद के लिए कूलर दान किए थे, लेकिन नमाजियों ने सारे कूलर उठाकर मस्जिद से बाहर फेंक दिए।
तेलंगाना के विकाराबाद जिले के भाजपा नेता मोहम्मद अनवर ने बढ़ रही गर्मी को देखते हुए जिले के बवंटाराम मंडल के तोरुमामिडी इलाके में नमाजियों को गर्मी से निजात देने के लिए वहां की एक मस्जिद को कई सारे कूलर दान में दिए थे। इस मौके पर उन्होंने मस्जिद में मौजूद लोगों के सामने भाजपा की खूब तारीफ भी की थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी ने मुसलमानों के लिए बहुत कुछ किया है। बीजेपी मुसलमानों से प्रेम और उनका सम्मान करती है। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुसलमानों को बीजेपी से दूर किया है।
उन्होंने बीजेपी का गुणगान करते हुए आगे कहा कि बीजेपी ने तीन तलाक बिल लाकर मुस्लिम महिलाओं के लिए बहुत अच्छा काम किया है। इससे मुस्लिम महिलाएं काफी खुश हैं, कांग्रेस ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया। वहीं, उनके इस बयान के बाद मुस्लिम समाज के लोग नाराज हो गए। मुस्लिम नेता को अब अपने ही कौम के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। उनके इस कदम से नाराज होकर नमाजियों ने सारे कूलर उनके घर के बाहर लाकर फेंक दिए।