मुंबई में एक महिला के साथ उसी के मोहल्ले में रहने वाले तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया है। फिलहाल, मामले में पुलिस ने उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना कुर्ला इलाके की है। यहां बुधवार सुबह तीन लोगों ने एक 42 वर्षीय महिला के घर में घुसकर कथित तौर पर जबरन उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, उस पर धारदार हथियार से हमला भी किया और उसके प्राइवेट पार्ट को सिगरेट से जलाया। फिलहाल, महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
कुर्ला थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म के दौरान इस घटना का वीडियो बना लिया। साथ ही धमकी दी कि अगर उसने पुलिस या किसी और को इसके बारे में बताया तो वीडियो को इंटरनेट पर वायरल कर दिया जाएगा। बाद में महिला ने पड़ोसियों को इस घटना के बारे में सारी जानकारी दी। पड़ोसियों ने महिला की आपबीती सुनकर एक एनजीओ से संपर्क करते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार), 376डी (सामूहिक बलात्कार), 377 (अप्राकृतिक यौन संबंध), 324 (स्वेच्छा से खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना) और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी और पीड़िता एक ही इलाके में रहते हैं। आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।