देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पिछले दो दिनों से बारिश से बेहाल है। भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है। शुक्रवार की शाम से मुंबई के तकरीबन सभी इलाकों में बारिश हो रही है और तेज हवाओं के साथ बिजली कड़क रही है। मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया है। वहीं बीएमसी ने अपील की है कि अगर बहुत जरूरत ना हो तो घर से बाहर ना निकलें और अपनी गाड़ियां भी सड़क पर ना लेजाएं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे और भारी से भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने आज और कल शहर और आसपास में भारी से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
कई रूटों पर लोकल ट्रेनें बंद
लगातार और भारी बारिश को देखते हुए दादर और कुर्ला स्टेशनों के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवा को निलंबित कर दिया गया है। मध्य रेलवे के अधिकारी के मुताबिक, पिछले एक घंटे में 61.21 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने से समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी है।और मीठी नदी के द्वार खोल दिए जाने के कारण कुर्ला और सायन के बीच पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है। चूनाभट्टी स्टेशन के पास जलभराव हो गया जिससे हार्बर लाइन पर सेवा धीमी पड़ गई। वहीं परिवहन विभाग (बेस्ट) के एक अधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर जलजमाव के कारण कई बसों का रूट बदला गया है।
ऑरेंज अलर्ट जारी
साउथ मुम्बई, साउथ सेंट्रल मुम्बई, नार्थ मुम्बई, ईस्टर्न लाइन, वेस्टर्न लाइन हर जगह भारी बारिश हो रही है। मुम्बई, ठाणे, नवी मुंबई, पालघर, रायगढ़, कोंकण और गोआ के तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जता है। भारी बारिश की वजह से ट्रेन की पटरियां भी पानी में डूबे हैं। लाइफ लाइन कही जाने वाली ट्रेन सेवाएं ठप है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बस सेवा भी बाधित हुई है।