भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (आईआईटी-जी) ने एक छात्रा से छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार छात्र को निलंबित कर दिया है। छात्र को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। उसने होली के मौके पर एक छात्रा से हरकत की थी।
आईआईटी गुवाहाटी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि छात्र ने गंभीर अपराध किया है, जिसके कारण तीन अप्रैल को उसे गिरफ्तार किया गया। संस्थान की छात्र अनुशासन समिति की सिफारिश पर विद्यार्थी को चार अप्रैल से निलंबित किया जाता है।
अन्य छात्र भी जांच के दायरे में
बयान के अनुसार, घटना में शामिल होने के आरोपी चार अन्य छात्रों के खिलाफ पुलिस जांच कर रही है। संस्थान के परिसर में इन सभी को एक दूसरे से अलग-थलग रखा गया है और आंतरिक जांच के साथ आगे की पुलिस कार्रवाई के लिए उन्हें फिर से बुलाया जाएगा।
पीड़ित छात्रा गुजरात की रहने वाली
आईआईटी-जी के एक छात्र को 29 मार्च को संस्थान की ही एक छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार शिकायतकर्ता छात्रा गुजरात से है। उसने अपने बयान में दावा किया कि 29 मार्च को होली के उत्सव के दौरान आईआईटी-जी के छात्रावास में आरोपी ने उसके पेय पदार्थ में नशीली वस्तु मिला दी और उससे छेड़खानी की थी। आरोपी मेकैनिकल इंजीनियरिंग विभाग का छात्र है। छात्रा ने कहा कि पेय पदार्थ पीने के बाद वह बेहोश हो गई थी। उसकी हालत अभी खतरे से बाहर है।