भारत सरकार डिजिटल भुगतान के तरीकों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है, ताकि उपभोक्ताओं और कारोबारियों को इन तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इस पहल को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 25 दिसंबर, 2016 को विज्ञान भवन में उपभोक्ताओं के लिए लकी ग्राहक योजना और कारोबारियों के लिए डिजि-धन व्यापार योजना शुरू की जाएगी। इन योजनाओं का उद्देश्य विभिन्न तरह के प्रोत्साहनों की पेशकश करके डिजिटल लेनदेन के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
इन योजनाओं को प्रथम ड्रॉ के साथ केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी और विधि एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद और वित्त एवं कंपनी मामले मंत्री अरुण जेटली द्वारा शुरू किया जाएगा।
लकी ग्राहक योजना के तहत विजेताओं का चयन दैनिक एवं साप्ताहिक आधार पर और डिजि-धन व्यापार योजना के तहत विजेताओं का चयन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। यह क्रम 14 अप्रैल, 2017 तक जारी रहेगा जब ये योजनाएं एक मेगा ड्रॉ का स्वरूप ले लेंगी।