देश में बीते एक दशक में 44 आतंकवादी घटनाएं हुई हैं। इनमें 628 लोगों ने अपनी जान गंवाई और तीन हजार लोग घायल हुए। यह जानकारी सूचना का अधिकार के तहत उपसचिव और केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी एसके विकारा ने दी है।
गौरव अग्रवाल द्वारा मांगी गई सूचना में बताया गया कि 2005 में 28 दिसंबर को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बंगलूरू में आतंकी घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और चार अन्य लोग घायल हुए। 29 अक्टूबर को दिल्ली में सीरियल बम ब्लास्ट हुआ, जिसमें 50 लोगों की मौत हुईं और 105 लोग घायल हुए।
28 जुलाई को श्रमजीवी एक्सप्रेस में बम ब्लास्ट हुआ, जिसमें 14 लोगों की मौत हुईं और 62 घायल हुए। पांच जुलाई को अयोध्या में भी हमला हुआ, जिसमें छह मौतें हुई। इनमें पांच आतंकवादी शामिल थे। चार लोग घायल हुए। 22 मई को दिल्ली के दो सिनेमा हॉल में धमाके हुए। इसमें एक मौत हुई और 69 लोग घायल हुए। इस प्रकार इन हमलों में 72 मौतें हुईं और 244 घायल हुए।