केंद्र सरकार ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई ) के गवर्नर उर्जित पटेल और उनके डिप्टी गवर्नरो की सैलरी में बढ़ोत्तरी की है। एक आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक उर्जित पटेल की बेसिक सैलरी 2,50,000 कर दी गई है। इससे पहले उनकी बेसिक सैलरी 90 हजार थी।
इस बढ़ोत्तरी के बावजूद अभी भी उनकी सैलरी कई बैंकों के शीर्ष अधिकारियों से कम है। बढ़ोत्तरी में मूल वेतन, महंगाई भत्ता और अन्य भुगतान को शामिल किया गया है। यह बढ़ोत्तरी 1 जनवरी 2016 से मान्य होगी।
आरबीआई के मुताबिक रिवाइज होने के बाद अब गवर्नर की ग्रॉस सैलरी तकरीबन 3 लाख 70 हजार रुपए हो गई है। वहीं उनके डिप्टी गवर्नरो की सैलरी 2,25,000 हो गई है। इससे पहले आरबीआई के चार डिप्टी गवर्नरो को 80 हजार रुपए बेसिक सैलरी दी जाती थी।
यही नहीं आरटीआई में जानकारी मिली है कि उनके घर पर कोई सहयोगी स्टाफ नहीं दिया गया। उन्हें दो कारें और दो ड्राईवर दिए गए हैं। बता दें कि नए गवर्नर के रूप में पटेल ने 2016 सितंबर में पदभार संभाला था।