भारत निर्वाचन आयोग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मिजोरम में बड़ी सिविल सोसायटियों और छात्र संघों के एक संगठन ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस बी शशांक को हटाने की मांग को लेकर उनके कार्यालय का घेराव करने का आह्वान किया जिसके बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग उनके कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए।
निर्वाचन आयोग ने राज्य के प्रधान सचिव (गृह) ललनुनमाविया चुआउंगो को हटा दिया जिसके बाद एनजीओ कोर्डिनेशन कमिटी ने सोमवार शाम तक शशांक को हटाने की मांग की।
मीडिया के एक वर्ग का कहना है कि शशांक ने निर्वाचन आयोग में शिकायत की थी कि चुआउंगो चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ललथनहवला ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा था, ‘‘चूंकि लोगों का मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस बी शशांक पर से भरोसा उठ गया है तो 2018 विधानसभा चुनाव के सुचारू संचालन के लिए एकमात्र समाधान, सीईओ एस बी शशांक को फौरन पद से हटाना होगा।’’
पुलिस ने बताया कि सीईओ अपने घर में है और वह कार्यालय नहीं आए। मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 28 नवंबर को चुनाव है। (इनपुट:भाषा)