अब आपका एक ट्वीट दो हजार स्टेशनों पर लगी दो लाख स्क्रीन पर करोड़ों लोग एक साथ देख सकेंगे। ट्वीटर फॉलोवर कितने है इसकी भी जानकारी मिलेगी। दरअसल रेलवे मंत्रालय ने स्टेशनों पर क्लाउड कंट्रोल रेल डिस्प्ले नेटवर्क सिस्टम लगाने का निर्णय लिया है। इस स्क्रीन पर रेलवे से संबंधित सभी तरह की जानकारी ऑन लाइन दी जाएगी।
इस स्क्रीन पर ट्रेनों की सूचना के साथ ही ट्रेनों में खाली सीट की जानकारी भी यात्रियों को दी जाएगी। लोगों के ट्वीट व अन्य तरह के ऑडियो-वीडियो विज्ञापन के माध्यम से रेलवे पैसा भी अर्जित करेगा। राजनीतिक पार्टियों के विज्ञापन को भी इस स्क्रीन से करने की योजना रेलवे बना रहा है।
केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया कैपेन के तहत रेलवे ने रेल डिस्प्ले नेटवर्क सिस्टम 2,175 स्टेशनों पर लगाने का निर्णय लिया है। इस तरह के क्लाउड कंट्रोल स्क्रीन स्टेशनों के प्लेटफार्म पर दो लाख लगाई जाएंगी। गैर राजस्व योजना स्कीम में रेलवे ने इसे भी शामिल किया है।