फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Michaung: चक्रवाती तूफान के कारण चेन्नई में हालात गंभीर; अब तक 12 की मौत; आंध्र-तेलंगाना में बारिश का अलर्ट

Tue, 05 Dec 2023 06:17 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

चक्रवात मिचौंग के कारण तमिलनाडु बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, मिचौंग आंध्र प्रदेश का समुद्री तट पार कर चुका है। चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने से 
मामूली राहत के आसार हैं, लेकिन चेन्नई में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
चेन्नई में चक्रवात मिचौंग के असर के कारण जलभराव - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चक्रवात मिचौंग आंध्र प्रदेश का समुद्री तट पार कर चुका है। लैंडफॉल यानी तट से टकराने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान कमजोर पड़ गया है। हालांकि, तमिलनाडु में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तमिलनाडु में मिचौंग के असर के कारण 12 लोगों की मौत हो चुकी है। जान-माल के नुकसान पर समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार तमिलनाडु, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। 
विज्ञापन


राहत और बचाव कार्य के लिए सरकार मुस्तैद
हालत की गंभीरता को भांपते हुए चेन्नई में बारिश से प्रभावित सभी क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए कई जिला आपदा प्रतिक्रिया दल (डीडीआरटी) का गठन किया गया है। वायु सेना स्टेशन, तांबरम और नौसेना बचाव और पुनर्वास कार्यों में लगाए गए हैं। बारिश प्रभावित क्षेत्रों में दो हेलीकॉप्टरों को लगाया गया है। नौसेना के गोताखोर, तैराक और हवा वाली नौकाओं को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मंगलवार सुबह बताया, चेन्नई सहित नौ प्रभावित जिलों में 61 हजार से अधिक राहत शिविर लगाए गए हैं। प्रभावित लोगों के बीच अब तक लगभग 11 लाख भोजन पैकेट और एक लाख दूध के पैकेट बांटे जा चुके हैं।

ओडिशा, तमिलनाडु में दिखा असर
चेन्नई और पड़ोसी तमिलनाडु के आसपास के इलाकों में मिचौंग का प्रकोप महसूस किया गया। ओडिशा और पूर्वी तेलंगाना के दक्षिणी जिले अलर्ट पर हैं। मिचौंग के प्रभाव के कारण मंगलवार को ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी बारिश हुई। राज्य के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) सत्यब्रत साहू ने कहा कि अधिकारियों ने पांच दक्षिणी जिलों - मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजम में बचाव कार्यों के लिए ओडीआरएएफ (ओडिशा आपदा रैपिड एक्शन फोर्स) की पांच टीमों को भेजा गया है। अग्निशमन सेवा विभाग की आठ टीमों को भी तैयार रखा गया है। इससे पहले मंगलवार शाम करीब पांच बजे मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान मिचौंग का लैंडफॉल पूरा हो गया है और पिछले छह घंटे में यह उत्तरी आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ा है।
विज्ञापन

तेज हवाओं के कारण हालात और गंभीर
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार दोपहर चक्रवात करीब साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश के बापटला से 20 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम और पश्चिम (WSW) की तरफ और ओंगुल से 45 किलोमीटर पूर्वोत्तर के उत्तरी इलाके (NNE) में रहा। अमरावती मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गंभीर चक्रवाती तूफान मिचौंग मंगलवार को दोपहर 12.30 से 2.30 बजे के बीच 90 से 100 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति के साथ बापटला जिले से आगे बढ़ा। राहत की बात यह है कि अगले दो घंटों में चक्रवाती तूफान और कमजोर होने की संभावना है।

चेन्नई में आठ लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल पूरा होने से पहले चक्रवात चेन्नई पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा, मिचौंग चक्रवात के कारण आठ लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, चक्रवात से प्रभावित आंध्र प्रदेश के जिलों में कई जगहों पर, मिचौंग के कारण बाढ़, क्षतिग्रस्त सड़कें, नदियों और नहरों में उफान की खबरें भी सामने आईं। आंध्र प्रदेश में हजारों एकड़ फसलें जलमग्न होने की भी खबर है। सरकार प्रभावित किसानों के नुकसान का आकलन करेगी। उत्तरी और दक्षिणी तेलंगाना पर असर
चक्रवात मिचौंग का संभावित असर देखते हुए तेलंगाना सरकार ने जिलों के कलेक्टरों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। कई जिलों में मिचौंग के कारण भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।एनडीआरएफ की टीमें दो जिलों में भेजी जा रही हैं। मुख्य सचिव शांति कुमारी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर भद्राद्रि-कोठागुडेम, खम्मम, मुलुगु, हनमाकोंडा, वारंगल, जनगांव, महबूबाबाद और सूर्यापेट जिलों के कलेक्टरों के साथ टेली-कॉन्फ्रेंस पर हालात की समीक्षा की गई। इन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। भीषण चक्रवाती तूफान मिचौंग उत्तर और दक्षिणी तेलंगाना को प्रभावित कर सकता है।

राहत और बचाव के लिए आंध्र प्रदेश सरकार के फैसले
चक्रवात से प्रभावित आंध्र प्रदेश के जिलों में जनता को राहत पहुंचाने के लिए सीएम रेड्डी ने अधिकारियों को अहम निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल करने के लिए तत्काल उपाय के साथ-साथ हताहतों या मवेशियों के नुकसान पर तत्काल मुआवजा वितरण का भी फरमान सुनाया है। उन्होंने तत्काल राहत प्रयासों के लिए 22 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। राज्य सरकार ने प्रभावित जिलों में हेल्पलाइन भी शुरू किया है।
  • बापटला- 8712655881
  • गुंटूर-08632234014
  • कृष्णा जिला- 0867225272
  • नटीआर-086625758333
  • तिरूपति- 08772236007
अनकापल्ली में 60 हजार से अधिक लोगों के रहने का इंतजाम
विभागीय हेल्पलाइन के तौर पर आंध्र प्रदेश पुलिस (100, 112) और मत्स्य पालन विभाग के लिए- 9390125477 नंबर जारी किया गया है। सरकार के अनुसार, अनकापल्ली जिले में, 52 पुनर्वास केंद्र शुरू किए गए हैं। 60,000 से अधिक लोगों को रहने की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें