तेलंगाना के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जानी पीड़ितों की पीड़ा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को तेलंगाना में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों और किसानों की पीड़ा जानी। साथ ही केंद्र की ओर से आवश्यक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। खम्मम जिले में बाढ़ प्रभावित किसानों के साथ बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बीआरएस शासन पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से मिले धन का उपयोग न करने और उसका दुरुपयोग करने तथा पीएम फसल बीमा योजना जैसी योजना लागू न करने से स्थिति खराब हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य सरकार के साथ मिलकर किसानों के लिए समाधान निकालेगा।
शिवराज बोले कि इस वक्त राजनीति पर बात करने की ज़रूरत नहीं है, मगर खेद है कि पिछली सरकार ने ऐसी स्थिति पैदा की। राज्य सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के तहत धन खर्च नहीं किया। सस्ती लोकप्रियता के लिए योजनाएं लागू नहीं की गईं। केंद्रीय निधि के लिए यूसी (उपयोग प्रमाण पत्र) जमा नहीं किया गया था। पैसा खर्च नहीं होने पर केंद्रीय राशि नहीं मिल पायेगी। पीएम फसल बीमा योजना भी तेलंगाना में लागू नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजना से राज्य को लाभ नहीं मिल रहा है और इसका समाधान निकाला जाएगा। राज्य सरकार नुकसान का आकलन कर रही है और स्थिति का जायजा लेने के लिए एक केंद्रीय टीम भी आएगी। इसके बाद केंद्र सरकार राज्य को सभी आवश्यक मदद देगी। चौहान ने कहा कि फसलें (धान और मिर्च सहित) और घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उनके अलावा मवेशियों को भी नुकसान हुआ। बातचीत के दौरान एक किसान फसल के नुकसान पर रोने लगा और चौहान ने उसे सांत्वना दी। इस दौरान राज्य के उप मुख्यमंत्री मल्लू भाटी विक्रमार्क भी मौजूद रहे। इसके बाद तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने केद्रीय मंत्री संजय कुमार के साथ किसानों से बात भी की।