सार्क देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल होने नेपाल पहुंचीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 17 मार्च को होने वाली सार्क मंत्री परिषद की बैठक के बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज के साथ मुलाकात करेंगी।
नई दिल्ली के सूत्रों ने बताया कि सरताज अजीज ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ बैठक का प्रस्ताव रखा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान में आयोजित होने वाले 19वें सार्क सम्मेलन में शामिल होने का न्यौता सौंपना चाहते हैं।
सूत्र ने बताया कि भारत के भी इसे सहर्ष स्वीकार करने की उम्मीद है। हालांकि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच किन मुद्दों को लेकर बात होगी, यह साफ नहीं है।