कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दरिंदगी से दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या करने के मामले में लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इस बीच, आरजी कर अस्पताल के उप प्राचार्य ने कहा कि अस्पताल के लिए अच्छे दिन फिर से शुरू होंगे।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दरिंदगी से दुष्कर्म और फिर उसकी निर्मम तरीके से हत्या करने के मामले में लगातार लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। आज कोलकाता में छात्र संगठन नबन्ना मार्च निकाल रहे हैं। इस बीच, आरजी कर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक और उप प्राचार्य सप्तर्षि चटर्जी ने कहा कि अस्पताल के लिए अच्छे दिन फिर से शुरू होंगे। धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं। यहां रोगियों की संख्या अब एक हजार को पार कर गई है।
विज्ञापन
हर दिन हम छात्रों से बात करते हैं
उन्होंने कहा, 'हर दिन हम छात्रों से बात करते हैं और फैकल्टी सदस्य अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन दे रहे हैं ताकि मरीजों को परेशानी न हो। मुझे लगता है कि आरजी कर धीरे-धीरे सामान्य जीवन में वापस आ रहा है क्योंकि मरीज की संख्या जो लगभग 100 थी, अब 1000 को पार कर गई है। अच्छे दिन दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। ओपीडी और इमरजेंसी सहित सभी विभाग काम कर रहे हैं।
उन्होंने सीबीआई द्वारा की गई छापेमारी पर भी बात की। चटर्जी ने कहा कि सीबीआई की टीम ने मौके से सभी दस्तावेजों और कंप्यूटर, हार्ड डिस्क को जब्त कर लिया है।
विज्ञापन
क्या कुछ ले गई सीबीआई?
उप प्राचार्य चटर्जी ने आगे कहा, 'सीबीआई की टीम सभी दस्तावेज और कंप्यूटर, हार्ड डिस्क देखने मेरे कार्यालय आई थी। उन्होंने जब्त कर लिया और सभी सामानों को ले गई तथा हमें एक जब्ती सूची दी। मैं कल सीजीओ कॉम्प्लेक्स में अपने हस्ताक्षर प्रमाणित करने गया था, जो सभी दस्तावेजों पर पहले से ही थे।