प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित मलेशिया दौरे से पहले विदेश मंत्रालय (एमईए) ने संकेत दिया है कि भारत को भगोड़े उपदेशक जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण को लेकर सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) पी. कुमरन ने गुरुवार को विशेष ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही।
‘मनचाहा नतीजा मिलने की उम्मीद’
जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण पर पूछे गए सवाल के जवाब में कुमरन ने कहा जाकिर नाइक से जुड़े सभी मुद्दों पर इस यात्रा के दौरान चर्चा होगी। हम पहले भी विभिन्न स्तरों पर यह विषय उठाते रहे हैं और सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने तक इसे उठाते रहेंगे। हमें उम्मीद है कि हमें वह नतीजा मिलेगा जिसकी हम अपेक्षा कर रहे हैं।
7–8 फरवरी को मलेशिया दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 फरवरी को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर का दौरा करेंगे। यह दौरा अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया संबंधों को समग्र रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के बाद हो रहा है। इस यात्रा में व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी को लेकर एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच होने वाली बातचीत में दोनों देश भारत-मलेशिया समग्र रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्राथमिक क्षेत्रों में सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, रक्षा, सुरक्षा और जन-जन के संपर्क जैसे विषय शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें:- दिल्ली-NCR में ठंड अलविदा की ओर: दिन सुहावने हुए, रात की ठंड भी घटी; जानें कब से बढ़ेगा पारा
भारत-मलेशिया के व्यापक रिश्तों पर भी होगी चर्चा
MEA ने बताया कि पीएम मोदी के दौरे के दौरान भारत और मलेशिया के बीच व्यापार, रणनीतिक सहयोग और आर्थिक समझौतों पर भी बातचीत होगी। दोनों देश भारत-मलेशिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) की संयुक्त समीक्षा पर भी विचार कर रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया में रहने वाले लगभग 29 लाख भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
जाकिर नाइक पर क्या हैं आरोप
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में भारत यात्रा के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा था कि यदि जाकिर नाइक के खिलाफ पर्याप्त सबूत सामने आते हैं, तो उनका देश आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगा। जाकिर नाइक भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा 2016 के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांछित है। उस पर भड़काऊ भाषणों के जरिए नफरत फैलाने के भी आरोप हैं। उसका चैनल पीस टीवी भारत समेत कई देशों में प्रतिबंधित है, वहीं कनाडा और ब्रिटेन ने उसे प्रवेश देने से इनकार कर रखा है।
अन्य वीडियो:-