500 और 1000 के पुराने नोट बंद किए जाने के मोदी सरकार के फैसले के विरोध में पूरा विपक्ष एकजुट नजर आ रहा है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस, टीएमसी, सीपीएम, आरजेडी, जेडीयू और कई दूसरे विपक्षी दलों ने बैठक की और सरकार को संसद में घेरने की रणनीति पर चर्चा की। मंगलवार को भी ये पार्टियां फिर से बैठक कर रणनीति बनाएगी।
#InsideVisuals Congress, TMC, RJD, JD(U),JMM, CPI, CPI(M) and other opposition parties hold meeting ahead of Parliament winter session pic.twitter.com/icDe6hZ2kr
— ANI (@ANI_news) November 14, 2016
गौरतलब है कि बुधवार को संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियां सांसदों के साथ संसद से राष्ट्रपति भवन तक विरोध मार्च निकालने के लिए तैयार करने की कोशिश कर रही है। विपक्षी दल बुधवार को राष्ट्रपति से मुलाकात कर सरकार से नोट बैन के फैसले को वापस लेने की मांग कर सकते हैं। वहीं सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि नोटबंदी पर बीजेपी चर्चा कराने को तैयार है।
एक ही समय कांग्रेस, बीएसपी और आप की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- फोटो : amar ujala
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नोटबैन के अपने फैसले का न केवल बचाव किया बल्कि विपक्ष पर जमकर निशाना भी साधा। पीएम मोदी की इस रैली के कुछ समय बाद ही विपक्ष के तीन नेताओं ने एक ही समय पर प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
लखनऊ में बसपा सुप्रीमों मायावती ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने गरीबों को मुसीबत में डाल दिया है। उन्होंने गाजीपुर रैली में आई भीड़ पर चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी की रैली में बिहार के लोग आए थे।
दूसरी ओर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भी सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर नोटबंदी पर केंद्र सरकार की आलोचना की।
मायावती के आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूपी के गाजीपुर में हुई रैली फेल
मोदी का भाषण, थोथा चना, बाजे घना
मोदी की रैली में अलग-अलग भीड़ दिखाई दी
250-250 रुपये देकर लोगों को मोदी की रैली में लाया गया
मोदी की रैली में बुलाए गए थे बिहार के लोग
मोदी सरकार ने नोटबंदी का आयोजन कर भारत बंद का आयोजन किया
नोटबंदी पर नरेंद्र मोदी ने जल्दबाजी में लिया फैसला
माल्या और ललित मोदी को भी मोदी सरकार ने देश से भगाया
जनता को इंतजार के लिए कहना जले पर नमक जैसा
दस महीने से तैयारी चल रही थी, तो आज जनता का बुरा हाल क्यों हैं
रेल का राजनीतिकरण किया गया, जनता को लाइन में खड़ा कर दिया गया
कांग्रेस के आरोप
मोदी जी ने पूरे देश को अपराधी घोषित कर दिया है
किसान फसल बोने के लिए भटक रहा
अरविंद केजरीवाल के आरोप
नकदी की किल्लत को देखते हुए दिल्ली विधानसभा का आपात सत्र कल से
आम लोगों का अपमान कर रहे हैं मोदी : ममता
ममता बनर्जी
- फोटो : social media
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भी नोटबंदी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खिंचाई करते हुए कहा कि वे अब आम लोगों का अपमान कर रहे हैं। ममता उस बयान पर टिप्पणी कर रही थीं जिसमें मोदी ने कहा था कि नोटबंदी के बाद गरीब लोग चैन की नींद सो रहे हैं। उन्होंने कहा यह आम लोगों का अपमान और उनकी गरिमा के खिलाफ है। ध्यान रहे कि प्रधानमंत्री ने सोमवार को गाजीपुर में अपने भाषण में यह बात कही थी।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने नोटबंदी को आम आदमी के लिए हत्यारिन करार देते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री से आम लोगों पर ऐसे कटु हमले नहीं करने का अनुरोध करती हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। कई अर्थशास्त्री अब मंदी का दौर शुरू होने का अंदेशा जता रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते छह दिनों के दौरान अर्थव्यवस्था को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का डेढ़ लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
ममता बनर्जी नोटबंदी के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ विपक्ष की आवाज बन कर उभरी हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वे कांग्रेस, सपा, बसपा और माकपा जैसे विपक्षी राजनीतिक दलों के साथ मिल कर भाजपा की अगुवाई वाली जन विरोधी सरकार के खिलाफ आंदोलन के लिए तैयार हैं।