मथुरा के कृष्णानगर डाकघर में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। यहां के एक लिपिक ने पोस्टमास्टर के नाम से संचालित होने वाले सरकारी खाते से 76.8 लाख रुपये अपने व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर कर लिए। मामले का खुलासा होने के बाद पोस्टमास्टर और लिपिक को निलंबित कर दिया गया है और इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पर तहरीर दे दी गई है।
घोटाले का यह खेल पिछले सात माह से चल रहा था, इसका खुलासा ऑडिट के दौरान हुआ। शुरू में 87 लाख का घोटाला होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में 76.8 लाख का गबन पाया गया। डाकघर के लिपिक सचिन अग्रवाल ने दिसंबर 2015 से जून 2016 तक हर माह सरकारी खाते से एक मोटी रकम अपने पर्सनल खाते में ट्रांसफर की।
खाते को संचालित करने वाला पोस्टमास्टर जयपाल सिंह इससे अनभिज्ञ रहा। बताया जाता है कि यह लिपिक पोस्टमास्टर का विश्वासपात्र था। मामले के पकड़ में आने के बाद से लिपिक फरार है। इस पूरे प्रकरण की जांच के बाद सहायक अधीक्षक वीके गुप्ता ने मुकदमा दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।