मणिपुर के तेंगनौपाल जिले के पल्लेल में हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब तीन हो गई है, जिसमें एक 37 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सुरक्षाबलों और हथियारबंद गिरोह के बीच गोलीबारी में व्यक्ति को सिर में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार की रात ही व्यक्ति की मौत हो गई।
इस गोलीबारी में करीब 50 लोग घायल हो गए थे, जिसमें सुरक्षाबलों के जवान भी शामिल थे। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे पल्लेल के पास मोलनोई गांव में सुरक्षाबलों और हथियारबंद लोगों के बीच गोलीबारी हुई। गोलीबारी की घटना के बारे में सुनकर कमांडो की वर्दी पहने मीरा पैबिस और अरामबाई तेंगगोल मिलिशिएमेन सहित मैतेई समुदाय के सदस्यों के बड़े समूहों ने सुरक्षा चौकियों को तोड़ने और पल्लेल की ओर बढ़ने का प्रयास किया। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
सुरक्षाबलों द्वारा रोके जाने के बाद, कुछ पुलिस की वर्दी में मौजूद हथियारबंदों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें सेना के मेजर घायल हो गए। उन्हें हेलिकॉप्टर के जरिए लीमाखोंग के अस्पताल में भर्ती किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद लगभग 45 महिलाएं घायल हो गई।
बुधवार को हजारों प्रदर्शनकारी बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई में इकट्ठा हुए। वे सभी तोरबुंग में अपने घरों तक पहुंचने के लिए सेना के बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश भी की, जिसके बाद एहतियात के तौर पर मणिपुर के सभी पांच घाटी जिलों में पूर्ण कर्फ्यू लगा दिया गया था।
मणिपुर के चुराचांदपुर में हथियारों और गोला बारूद का जखीरा जब्त
मणिपुर के चुराचंदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि असम राइफल्स और सिंघाट पुलिस ने सिंघाट कब्रिस्तान के सामान्य इलाके में संयुक्त अभियान चलाकर एक एसएलआर, कार्बाइन और पिस्तौल सहित गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। माना जा रहा कि ये हथियार 4 मई को सिंघाट में जातीय संघर्ष के दौरान लूटे गए थे। बरामद हथियारों को जांच के लिए सिंघाट थाने को सौंपा गया है।
राज्य में पिछले 24 घंटों में सुरक्षा बलों ने इंफाल-पश्चिम, इंफाल-पूर्व, कांगपोकपी और चुराचांदपुर जिलों के सीमांत और संवेदनशील इलाकों में अलग अभियान चलाकर चार हथियार, गोला-बारूद और अन्य विस्फोटक बरामद किए हैं। इस दौरान इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व और थौबल जिलों में उपद्रवियों के 17 बंकरों को भी नष्ट किया गया।