मणिपुर हिंसा को नियंत्रित करते सुरक्षा बल (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : एएनआई (फाइल)
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में रविवार को उग्रवादियों के हमले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, नौ और लोग घायल हुए। पुलिस के मुताबिक, उग्रवादियों ने पहाड़ी के ऊपरी इलाके से कोत्रुक और पड़ोसी कडांगबांड के घाटी के निचले इलाकों की ओर अंधाधुंध गोलीबारी करन के साथ बम से हमले किए। पुलिस ने बताया कि इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी आठ साल की बेटी और एक पुलिस अधिकारी समेत नौ अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि जो लोग घायल हुए हैं, उनमें से पांच को गोली लगी है। वहीं, बाकियों को बम धमाके में चोटें आईं। गांव पर अचानक हुए हमले से लोगों में दहशत फैल गई। इसके चलते महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। मृतक महिला की पहचान नगांगबाम सुरबाला देवी (31) के तौर पर हुई। वहीं, एक और मृतक की पहचान किया जाना बाकी है।
राज्य सरकार ने इस घटना की निंदा की है। सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि वह राज्य में शांति और सामान्य स्थिति लाने के लिए हर तरह की कोशिश में जुटी है। सरकार ने कहा कि वह इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इस बीच राज्य के डीजीपी ने सभी एसपी को तनाव वाली जगहों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।