मणिपुर में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे राजनाथ सिंह ने कारगिल युद्ध में शहीद जवान के परिवार के साथ खाना खाया। वहीं, कांग्रेस ने दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की।
मणिपुर में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। सभी पार्टियों के नेता प्रचार के अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राजधानी इंफाल पहुंचे। यहां उन्होंने लांगथबल में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने कारगिल युद्ध में जान गंवाने वाले भारतीय सेना के जवान युमनाम कलेशोर के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की। राजनाथ सिंह ने इस दौरान उनके साथ खाना भी खाया। मणिपुर के साथ मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह भी उनके साथ मौजूद थे।
विज्ञापन
श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे भी गए रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने इंफाल के श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में भी दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने कहा कि मुझे यह बताया गया है कि यदी कोई दिल्ली से आता था तो लोग कहते थे कि इंडिया से आए हैं। यह चीज़ अब बदली है। नार्थ ईस्ट हमारा अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। पहले यह दिल्ली से दूर था लेकिन अब यह प्रधानमंत्री, सरकार और हम सब के दिल के करीब है।
कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने मणिपुर विधानसभा के दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जयराम रमेश, पूर्व सीएम ओकराम इबोबी सिंह, और कन्हैया कुमार का नाम शामिल हैं।
विज्ञापन
दो चरणों में होना है मतदान
मणिपुर में चुनाव दो चरणों में होना है। पहले चरण के लिए 28 फरवरी और दूसरे चरण के लिए 5 मार्च को वोटिंग होगा। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे।