मणिपुर के कैबिनेट विस्तार को लेकर तेज हो रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे भाजपा केंद्रीय नेतृत्व से कैबिनेट विस्तार और विभाग बंटवारे पर चर्चा करेंगे। फिलहाल पांच मंत्री हैं, नियम के अनुसार अधिकतम 12 मंत्री बन सकते हैं।
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह शनिवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। माना जा रहा है कि वे भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार और विभागों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री की मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं से हो सकती है। फिलहाल मणिपुर में मुख्यमंत्री सहित कुल पांच मंत्री हैं। नियम के मुताबिक, 60 सदस्यीय विधानसभा वाले मणिपुर में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
बता दें कि हाल ही में केंद्र सरकार ने मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाया था। इसके बाद 4 फरवरी को केमचंद सिंह ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भाजपा विधायक नेमचा किपगेन और नागा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल. डिखो को उपमुख्यमंत्री बनाया गया। इसके अलावा भाजपा के गोविंदास कोंथौजाम और एनपीपी के के लोकेन सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
दिल्ली दौरे पर क्या-क्या मुद्दे उठाएंगे सीएम?
बताया जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राज्य में जातीय हिंसा से प्रभावित और विस्थापित लोगों के मुद्दों को भी उठाएंगे। उन्होंने हाल ही में राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात के दौरान भरोसा दिलाया था कि उनकी मांगों पर दिल्ली में चर्चा की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- Assam: प्रियंका ने कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों के साथ की बैठकें, चुनावी तैयारियां कैसी?
मणिपुर हिंसा, कैसे राज्य में बदल गया शांति का चेहरा?
गौरतलब है कि मणिपुर में 3 मई 2023 से जातीय हिंसा जारी है। यह हिंसा तब शुरू हुई थी जब पहाड़ी जिलों में जनजातीय एकजुटता मार्च निकाला गया था। यह मार्च मेइती समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग के विरोध में था। हिंसा में अब तक करीब 260 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कुकी-जो और मेइती समुदाय के लोग तथा सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं और अब भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं।