महाराष्ट्र से पुणे शहर में हुए वारदात के मामले में पुलिस ने बताया कि शनिवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और नाबालिग बेटे को नींद की गोलियों की भारी खुराक देकर मार डाला और फिर साहूकारों की तरफ से 'उत्पीड़न' के कारण आत्महत्या का प्रयास किया। पुणे शहर के पास चिखली के वैभव हांडे नाम के व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस ने संतोष कदम, सुरेखा कदम, संतोष पवार और जावेद खान नाम के चार लोगों के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज किया है।
नौ लाख रुपये चुकाने के बाद भी वसूल रहे थे आरोपी
मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने मूलधन और अतिरिक्त 9 लाख रुपये साहूकारों को चुका दिए थे, लेकिन वे उसे और अधिक भुगतान करने के लिए परेशान कर रहे थे। पीड़ित वैभव ने अपनी शिकायत में कहा कि उसने अपनी पत्नी शुभांगी हांडे और बेटे धनराज को सुबह कई नींद की गोलियां दीं, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद वैभव ने अपने फ्लैट में छत के पंखे से लटकने की कोशिश की।
बड़े बेटे के फोन पर पीड़ित ने भेजा था संदेश
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात वैभव ने अपने 14 वर्षीय बेटे के मोबाइल फोन पर एक नोट भेजा था, जिसे उसने मुंबई में अपने रिश्तेदार के घर भेजा था, जिसमें उसने अपनी योजना का विवरण दिया था। सुबह संदेश पढ़ने के बाद लड़का घबरा गया और अपने परिवार के बारे में जानने के लिए अपने पड़ोसियों को फोन किया।
पड़ोसियों ने किया था पुलिस को फोन
अधिकारी ने बताया कि जब पड़ोसियों ने बार-बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो उन्होंने पुलिस को फोन किया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट में घुसी तो वैभव को जीवित पाया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वैभव की शिकायत का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा, 'शिकायतकर्ता ने आरोपी संतोष कदम और सुरेखा से क्रमशः 6 लाख रुपये और 2 लाख रुपये मासिक 10 प्रतिशत ब्याज दर पर उधार लिए थे। उसने जावेद खान से भी उच्च ब्याज पर 4 लाख रुपये लिए थे।'
अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने मूलधन और अतिरिक्त 9 लाख रुपये साहूकारों को चुका दिए थे, लेकिन वे उसे और अधिक भुगतान करने के लिए परेशान कर रहे थे। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।