महाराष्ट्र के ठाणे में एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया जब मंदिर में पूजा करने की जल्दबाजी में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने दूसरे श्रद्धालु का कान काट लिया। पुलिस ने कान काटने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
ठाणे पुलिस के पीआरओ गजानन काबदुले ने बताया कि शिवाजी नाना सालुंके उर्फ युवराज सोमवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां स्वयंभू अमरनाथ मंदिर में पूजा करने के लिए कतार में लगा था। इस बीच वह कतार तोड़ कर चप्पल पहने ही मंदिर के गर्भगृह में घुस गया।
लोगों ने इस आपत्ति जताई तो वह चिल्लाने और श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार करने लगा। हाथापाई के बीच शिवाजी ने एक 70 वर्षीय व्यक्ति बाबूराव पाटिल का बायां कान और उंगलियां काट ली। पुलिस ने शिकायत के बाद शिवाजी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।