गर्भवती महिला को अस्थायी ‘स्ट्रेचर’ से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक आदिवासी गर्भवती महिला को उसके गांव तक सड़क संपर्क न होने के कारण अस्थायी ‘स्ट्रेचर’ के जरिए एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिन लोगों ने महिला को एक अस्थायी ‘स्ट्रेचर’ पर उठा रखा था, उन्हें उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए गर्दन तक भरे पानी से गुजरना पड़ा।
19 सरपंच केसीआर के नेतृत्व वाले बीआरएस में शामिल
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से कांग्रेस, राकांपा और वंचित बहुजन अघाड़ी से जुड़े कम से कम 19 सरपंच (ग्राम प्रधान) हैदराबाद में के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) में शामिल हो गए हैं। बीआरएस के महाराष्ट्र किसान सेल के प्रमुख माणिक कदम ने यह भी कहा कि बीआरएस में शामिल होने वाले सबसे ज्यादा संख्या में सरपंच कांग्रेस से हैं। उनका कार्यकाल 18 महीने बाद खत्म होगा। 19 सरपंचों में से 12 कांग्रेस के थे, छह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और एक अन्य प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी के सदस्य हैं। सूची के अनुसार दो शिवसेना और एक शेतकारी संगठन के तीन पूर्व सरपंच भी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हो गए हैं।