पश्चिम बंगाल की हावड़ा लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रसून बनर्जी को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के इस फैसले से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के छोटे भाई बाबुन बनर्जी ने नाराजगी जताई है। बाबुन बनर्जी वर्तमान में दिल्ली में मौजूद हैं। उन्होंने फिलहाल भाजपा में शामिल होने वाले अटकलों को नकार दिया है।
पार्टी के फैसले से नाराज ममता बनर्जी के छोटे भाई
सीएम ममता बनर्जी के छोटे भाई ने बताया कि वह हावड़ा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हावड़ा लोकसभा सीट से उम्मीदवार के चयन पर मैं खुश नहीं हूं। प्रसून बनर्जी सही विकल्प नहीं हैं। कई ऐसे योग्य उम्मीदवार हैं, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं प्रसून द्वारा किए गए अपमान को कभी नहीं भूल पाऊंगा।"
बता दें कि पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी प्रसून बनर्जी हावड़ा सीट से टीएमसी की तरफ से दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के छोटे भाई ने बताया कि वह हावड़ा से एक पंजीकृत मतदाता है। उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि दीदी (ममता बनर्जी) मुझसे सहमत नहीं होंगी। लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो मैं हावड़ा सीट से एक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ूंगा।"
भाजपा में शामिल होने के अटकलों पर दिया जवाब
भाजपा में शामिल होने के अटकलों को बाबुन बनर्जी ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "जब तक ममता दीदी है, मैं तब तक पार्टी नहीं छोड़ूंगा और न ही किसी अन्य पार्टी में शामिल होऊंगा। हां मैं खेल से जुड़ा हुआ हूं, इस वजह से मैं बहुत भाजपा नेताओं को जानता हूं, जो खेल से जुड़े हैं।"
ममता ने किया पलटवार
बाबुन बनर्जी की नाराजगी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पलटवार किया है। उन्होंने अपने छोटे भाई से पल्ला झाड़ लिया है। जलपाईगुड़ी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "चुनाव से पहले वह समस्या पैदा करते हैं। मुझे लालची लोग पसंद नहीं है। मैं वंशवाद की रोजनीति में विश्वास नहीं रखती हूं, कि मैं उन्हें टिकट दूं। मैंने उन्हें अस्वीकार करने का निर्णय लिया है। मैं उससे सभी रिश्ते तोड़ रही हूं।" बाबुन के भाजपा में शामिल होने के अटकलों पर ममता ने कहा कि बाबुन को जो करना है वो करे। पार्टी अपनी आधिकारिक उम्मीदवार प्रसुन बनर्जी के साथ खड़ी है।