पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला (डब्ल्यूबीएसएसी) मामले में चल रही जांच के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने दावा किया है कि पार्थ चटर्जी के साथ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी पूरी तरह से शामिल थे।
बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष सौमित्र खान ने कहा, मुख्य अपराधी ममता बनर्जी हैं। पार्थ चटर्जी लगभग आठ से दस घंटे तक मुख्यमंत्री के साथ रहते थे, एसएससी घोटाला ममता के आशीर्वाद से ही हुआ और वह पार्थ चटर्जी से जुड़ी हैं। ममता बनर्जी अब खुद को और अपने भतीजे को बचाने की कोशिश कर रही हैं। (वह) अभी बहुत सारी नौटंकी करेंगी और हमें इसे देखना होगा।
उन्होंने आगे कहा, "ईडी को सिर्फ कैश मनी की तलाश है, जो पैसा बैंक अकाउंट में गया है उसकी जांच क्यों नहीं हो रही है? मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी को पैसा भेजा गया है और इसकी भी जांच होनी चाहिए, यह एक बड़ी साजिश है।"
आलाकमान की अनुमति के बिना पार्थ कुछ नहीं कर सकते : हजारा
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अनुपम हजारा ने कहा कि यह संभव नहीं है कि ममता बनर्जी जैसे बड़े नेता को घोटाले की जानकारी न हो। उन्होंने कहा, यह असंभव है कि ममता बनर्जी जैसी बड़ी नेता को यह नहीं पता कि पार्थ चटर्जी के घर में पैसा कहां से आ रहा है। वह निरंकुश नेता हैं और उनकी इजाजत के बिना कोई पार्टी में सांस भी नहीं ले सकता है। आलाकमान की अनुमति के बिना पार्थ चटर्जी कुछ नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा, "भविष्य में यह भी पता चलेगा कि पार्थ चटर्जी किसकी सहमति से यह पैसा जमा कर रहे थे। हो सकता है, तृणमूल कांग्रेस थोड़ी चिंतित हो कि पार्थो चटर्जी किसी का नाम हिरासत में न ले लें, इसलिए उन्हें पार्टी के हर पद से निलंबित कर दिया गया है"
समय बताएगा..क्या सही, क्या गलत : पार्थ चटर्जी
गुरुवार को टीएमसी द्वारा अपने पदों और विभागों से हटाए जाने के बाद पार्थ चटर्जी ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही थी। उन्होंने कहा कि समय बताएगा कि उनके साथ जो हो रहा है वह सही है या गलत। चटर्जी को ईडी ने स्कूल भर्ती घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के बाहर उन्होंने कहा कि उन्हें 'एक साजिश का शिकार' बनाया जा रहा है।
तृणमूल कांग्रेस ने अपने सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक चटर्जी से अलग होने के फैसले की घोषणा की थी। पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अगर कोई कुछ गलत करता है तो तृणमूल कांग्रेस उसे नहीं छोड़ेगी और भ्रष्टाचार के लिए जीरो टॉलरेंस होगी। उन्होंने कहा था कि जांच जारी रहने तक पार्थ चटर्जी पार्टी से निलंबित रहेंगे।
विरोध रैली के दौरान भाजपा नेता सुकांत मजूमदार गिरफ्तार
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को शनिवार को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब वह मुक्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के पास दक्षिण कोलकाता के हाजरा इलाके में एक विरोध रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे थे।
मजूमदार राज्य की टीएमसी सरकार में कथित भ्रष्टाचार को लेकर हाजरा में रैली को संबोधित करने वाले थे लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
जल्द ही मजूमदार की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए शहर के मध्य भाग में कोलकाता के पुलिस मुख्यालय (लालबाजार) के बाहर भाजपा के सैकड़ों सदस्य एकत्र हो गए। सत्तारूढ़ टीएमसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे भाजपा सदस्यों ने टायर जलाए जिससे भीड़भाड़ वाले इलाके में यातायात ठप हुआ। कुछ देर बाद पुलिस उन्हें लालबाजार सेंट्रल लॉकअप ले गई।