पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कोलकाता के बेहाला में कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का भाषण लाल किले की प्राचीर से उनका आखिरी भाषण होगा। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. छह महीने बाद संसदीय चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल कुर्सी नहीं चाहता, यह भाजपा सरकार को हटाना चाहता है।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संख्या पर तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने एलान किया कि विपक्षी गुट ‘इंडिया’ जल्द ही मैदान में उतरेगा और खेला होबे। हमारा गठबंधन पूरे देश में भाजपा को खत्म कर देगा। पश्चिम बंगाल में टीएमसी भाजपा को करारी शिकस्त देगी। ममता बनर्जी ने संकेत दिया कि वह प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा नहीं रखती हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल 'कुर्सी' नहीं चाहता है, वह भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहता है।
भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप: ममता
टीएमसी प्रमुख बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं। ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के कुछ मामले सामने आए हैं, जिनके खिलाफ हमने तत्काल कदम उठाए हैं। हालांकि, केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं, चाहे वह राफेल विमान सौदा हो या 2000 रुपये के नोट को चलन से बाहर करना हो।
कन्याश्री दिवस की 10वीं वर्षगांठ मनाई
ममता बनर्जी ने 'कन्याश्री' योजना की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की 'कन्याश्री' योजना दुनिया में एक ब्रांड बन गई है। 'कन्याश्री दिवस' एक दिन विश्व भर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 'कन्याश्री दिवस' की 10वीं वर्षगांठ मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि 'कन्याश्री' अब एक ब्रांड है। यह दुनिया भर में सुनहरे अक्षरों में लिखा गया है। मुझे विश्वास है कि कन्याश्री दिवस को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाएगा।