टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य के लोगों के विकास के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, लेकिन उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पश्चिम बंगाल के हुगली में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने ये बातें कही।
'कोई भी राज्य विकास में हमारा मुकाबला नहीं कर सकता'
ममता बनर्जी ने कहा कि 'केंद्र सरकार की आर्थिक नाकेबंदी के बावजूद राज्य सरकार ने गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि कोई भी राज्य या देश विकास के मामले में हमारा सामना नहीं कर सकता। ये भी तब है, जब केंद्र ने हमें वंचित रखने की कोशिश की , लेकिन हम हमारे लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लाने में सफल रहे।'
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सराकर पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने राज्य के 1.18 लाख करोड़ रुपये जारी नहीं किए हैं। ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब टीएमसी के कई नेता भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद हैं। ईडी राशन घोटाले समेत कई और घोटालों की जांच कर रही है। विपक्षी भाजपा भ्रष्टाचार के आरोपों पर टीएमसी पर हमलावर है।
संदेशखाली को लेकर ममता बनर्जी ने कही ये बात
संदेशखाली और अपनी पार्टी के नेता शाहजहां शेख को लेकर ममता बनर्जी और टीएमसी विपक्षी पार्टियों के निशाने पर है। संदेशखाली में महिलाओं ने हाल ही में विरोध प्रदर्शन किया और शाहजहां शेख और उनके सहयोगियों पर लोगों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया था। महिलाओं ने ये भी दावा किया था कि शाहजहां शेख और टीएमसी नेताओं ने उनके साथ यौन उत्पीड़न किया। इस मामले में ममता बनर्जी ने कहा कि 'सरकार उचित कदम उठा रही है। राज्य महिला आयोग की टीम को वहां भेजा गया है।' राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भी संदेशखाली का दौरा किया।