मल्लिकार्जुन खरगे आज करेंगे चुनाव प्रचार की शुरुआत
- फोटो : ANI
कांग्रेस के अध्यक्ष पद का मुकाबला अब और दिलचस्प होने जा रहा है। उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर अब अपने चुनाव प्रचार पर निकल पड़े हैं। शशि थरूर ने अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है तो मल्लिकार्जुन खरगे आज गुजरात से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।
इसी के तहत मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार देर रात अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे। वह शुक्रवार को अहमदाबाद में साबरमती आश्रम और गुजरात कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय भी जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्तूबर को होने वाला है। चुनावी मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे का मुकाबला शशि थरूर से है।
रविवार को जम्मू-कश्मीर तो सोमवार को पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे शुक्रवार को कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए अहमदाबाद से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। जहां वह पहले साबरमती आश्रम जाएंगे और फिर पार्टी मुख्यालय में पीसीसी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह मुंबई जाएंगे। शनिवार को वह तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कार्यकर्ताओं से मिलते हुए हैदराबाद और विजयवाड़ा जाएंगे। खरगे रविवार को जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में प्रचार करेंगे। इसके बाद वह सोमवार को पश्चिम बंगाल और असम का दौरा करेंगे और मंगलवार को बिहार और उत्तर प्रदेश की यात्रा करेंगे।
शशि थरूर अब तक कर चुके हैं कई राज्यों का दौरा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खरगे अगले पांच दिनों में कम से कम 10 राज्यों की राजधानियों का दौरा करेंगे साथ ही प्रदेश कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और उनका समर्थन मांगेंगे। शशि थरूर अपने अभियान दौरे के तहत पहले ही अपने गृह राज्य केरल के अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु का दौरा कर चुके हैं।
मतों की गिनती 19 अक्तूबर को
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान 17 अक्तूबर को होना है। मतदान के लिए मतों की गिनती 19 अक्तूबर को होगी। परिणाम उसी दिन आने की उम्मीद है। 9,000 से अधिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।