अग्निपथ योजना से तैयार होने वाले अग्निवीरों को गार्ड की नौकरी देने के भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर अब टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने निशाना साधा है। मोइत्रा ने ट्वीट कर विजयवर्गीय को अग्निपथ का विलेन करार दिया। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, जयराम रमेश व भाजपा सांसद वरुण गांधी ने भी विजयवर्गीय के बयान की आलोचना की थी।
भाजपा महासचिव विजयवर्गीय ने हालांकि, अपने बयान को लेकर तुरंत अपना मंतव्य स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टूलकिट गैंग ने उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया। बवाल मचने के बाद विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा कि अग्निपथ योजना से निकले अग्निवीर निश्चित तौर पर प्रशिक्षित एवं कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध होंगे। सेना में सेवाकाल पूर्ण करने के बाद वे जिस भी क्षेत्र में जाएंगे, वहां उनकी उत्कृष्टता का उपयोग होगा। मेरा कहने का आशय यही था।
इससे पहले विजयवर्गीय ने शनिवार को इंदौर में एक कार्यक्रम में कहा था, 'जब कोई अग्निवीर प्रशिक्षण लेगा और 21 से 25 साल की उम्र में 4 साल तक रक्षा क्षेत्र में सेवा करने के बाद बाहर आएगा तो उसके पास 11 लाख रुपये होंगे। उसके पास अग्निवीर का दर्जा होगा। अगर मैं भाजपा कार्यालय के लिए सुरक्षा गार्ड रखना चाहू हूं, तो अग्निवीर को प्राथमिकता दूंगा।' उनके इस बयान की कई नेताओं ने आलोचना की थी।