फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में कोर्ट का फैसला, युवक को चार साल की सजा और 50 हजार जुर्माना

Wed, 30 Sep 2026 11:07 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के जत पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में एक युवक को चार वर्ष की जेल और 50,000 रुपए का जुर्माना लगाया है। जत थाने में दर्ज केस के अनुसार, डफलापुर निवासी जगदीश चव्हाण (25 वर्षीय) पीड़िता के घर के पास ही रहता था। उसने पहले बच्ची से दोस्ती कर विश्वास जीता और फिर खेलते समय 'बाजू वाला घर दिखाता हूं' कहकर अपने घर ले जाकर छेड़छाड़ की, जिससे बाद में बच्ची किसी तरह चिल्लाते हुए उसके घर से भागी और परिजनों को बताया।

विज्ञापन


पीड़िता ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई और आरोपी को दिखाया। इसके बाद पीड़िता के माता-पिता ने जत पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उक्त शिकायत के अनुसार, जांच अधिकारी पुलिस उप निरीक्षक महेश गायकवाड ने मामले की गहन जांच की और अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। आरोप पत्र की सुनवाई के दौरान पीड़िता ने कोर्ट में पूरी घटना बताई। उसकी गवाही पूरी तरह से जांच में महत्वपूर्ण रही। हालांकि, मामले के अन्य गवाहों ने दबाव में आकर घटना से मुकर गए, लेकिन अकेले पीड़िता ने बेहद विश्वसनीय सबूत अदालत में पेश किए, जिसके कारण कोर्ट ने आरोपी को उपरोक्त कड़ी सजा सुनाई।

Trending Videos

महाराष्ट्र: क्राइम ब्रांच ने राजकोट जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी
महाराष्ट्र पुलिस की कल्याण क्राइम ब्रांच ने गुजरात के राजकोट में बिक्री के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब की संदिग्ध खेप को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि टीम ने ठाणे जिले के डोंबिवली पूर्व में 7.22 लाख रुपए की शराब जब्त की और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से रखी गई शराब की बड़ी मात्रा की सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की एक टीम ने डोंबिवली पूर्व के खंबालपाडा इलाके में शेलार मैदान के पास एक टिन के शेड पर छापा मारा।

अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की 7,920 सीलबंद शराब की बोतलें बरामद कीं, जिनकी कुल कीमत 7,22,700 रुपए है। टीम ने परिसर से 19 प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शराब कथित तौर पर दीव-दमन क्षेत्र से लाई गई थी और गुजरात के राजकोट में बिक्री के लिए ले जाने से पहले शेड में रखी जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय हिरेन शंकरभाई बक्कर उर्फ भानुशाली, 40 वर्षीय मनीष पुरूषोत्तमभाई धुकर और 22 वर्षीय विपुल रामकृष्ण शुक्ला के रूप में हुई है।

महाराष्ट्र के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) एस. चोकलिंगम ने निर्वाचन आयोग से ईसीआईनेट साफ्टवेयर में बदलाव करने की मांग की है, ताकि मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) सूची में गड़बड़ियों से जुड़े मामले में अपने विवेक का इस्तेमाल कर सकें। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी चोकलिंगम ने निर्वाचन आयोग को 24 सितंबर को भेजे पत्र में यह अनुरोध किया है कि ऐसे मामलों में चुनाव पंजीकरण अधिकारियों को सुनवाई के बाद अंतिम फैसला लेने का अधिक अधिकार दिया जाए। एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग ने चोकलिंगम का अनुरोध स्वीकार कर लिया है। अधिकारी के मुताबिक सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अक्सर आयोग को अपने सुझाव भेजते रहते हैं। इसमें कोई नई बात नहीं है। अधिकारी ने कहा कि सॉफ्टवेयर हमेंशा केंद्रीयकृत होता है और वहीं से नोटिस भेजे जाते हैं। चोकलिंगम ने अनुरोध किया था कि ईआरओ को किसी गड़बड़ी से जुड़े नोटिस पर फैसला लेने की शक्ति दी जाए। बता दें कि निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिय के दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समयसीमा बढ़ाकर 12 अक्तूबर कर दी है।

धर्म का अर्थ केवल रीति-रिवाज, पूजा-पाठ या खान-पान की आदतें नहींः संघ प्रमुख भागवत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने यवतमाल में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि धर्म का अर्थ केवल रीति-रिवाज, पूजा-पाठ या खान-पान की आदतें नहीं है। धर्म इससे कहीं बढ़कर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश की सतत प्रगति धर्म के चार जरूरी स्तंभों सत्य, करुणा, तपस्या और पवित्रता (आंतरिक व बाहरी) पर आधारित होनी चाहिए। यही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन में बताया गया है। आरएसएस प्रमुख ने बताया कि कैसे व्यक्तिगत त्याग से सबका भला होता है। उन्होंने जन-सेवा के प्रति उपाध्याय के निस्वार्थ समर्पण को याद किया। भागवत ने कहा, हमारा जीवन सिर्फ हमारे अपने लिए नहीं है। ...अगर हम अपने जीवन में कुछ चीजों का त्याग करते हैं ताकि सबकी जिंदगी बेहतर हो सके तो हमारा कुछ भी नुकसान नहीं होता। उन चीजों को पाने से जो खुशी मिलती, उससे कहीं ज्यादा खुशी उन्हें दूसरों के लिए त्यागने में मिलती है। जनसंघ नेता दिवंगत पं. उपाध्याय के दर्शन का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि वह अधिकतम लोगों के अधिकतम कल्याण की परिभाषा को स्वीकार नहीं करते थे, बल्कि उनका मानना था कि विकास ऐसा होना चाहिए जिससे सभी का कल्याण हो। संघ प्रमुख ने महात्मा गांधी के सिद्धांत को याद दिलाते हुए कहा कि कोई भी फैसला लेते समय समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का ध्यान रखा जाना चाहिए। संघ प्रमुख ने कहा कि प्रकृति की कीमत पर विकास नहीं होना चाहिए। विकास व पर्यावरण दोनों का संरक्षण होना चाहिए। उन्होंने जैविक खेती, मिश्रित खेती, पशुपालन पर जोर देते हुए बीज व खाद के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर दिया। भागवत ने कहा कि यह लक्ष्य होना चाहिए कि किसान कर्ज के जाल में न फंसे और अधिक आत्मनिर्भर बने।

विज्ञापन

ठाणे-पालघर में 85 लाख रुपये का प्रतिबंधित तंबाकू जब्त
महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिलों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई करते हुए करीब 85 लाख रुपये के गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए। अधिकारियों के अनुसार, दो ट्रकों में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद भरकर उन्हें पालघर के रास्ते ठाणे के भिवंडी ले जाया जा रहा था। सोमवार सुबह एफडीए की टीम ने पालघर के दहानू स्थित चारोटी टोल प्लाजा के पास एक ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान उसमें ब्रांडेड पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के कई पैकेट मिले। इसी दौरान दूसरे ट्रक के चालक को पहले वाहन के पकड़े जाने की जानकारी हुई तो उसने ट्रक को यू-टर्न लेकर गुजरात की ओर भगा दिया। एफडीए को सूचना मिली कि फरार ट्रक नासिक-कसारा मार्ग से भिवंडी पहुंचने की कोशिश करेगा। इसके बाद दूसरी टीम ने कसारा क्षेत्र में ट्रक को रोक लिया और उसमें भरा पान मसाला व सुगंधित तंबाकू जब्त कर लिया। महाराष्ट्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य के मद्देनजर गुटखा और सुगंधित तंबाकू की बिक्री प्रतिबंधित है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें