लंदन से आई एअर इंडिया उड़ान में 5 यात्री समेत सात पड़े बीमार
लंदन से मुंबई आ रहे एअर इंडिया के विमान में सवार पांच यात्री और दो क्रू मेंबर बीमार पड़ गए। विमान की मुंबई में सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी लोगों को मेडिकल सहायता दी गई। एअर इंडिया ने विमान में दो क्रू मेंबर के अलावा पांच यात्रियों के बीमार पड़ने की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि विमान ने लंदन के हीथ्रो से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। यात्रा के दौरान अलग-अलग समय पर पांच यात्रियों के अलावा दो क्रू मेंबर ने चक्कर और बेचैनी की शिकायत की। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि विमान के मुंबई पहुंचने के बाद भी दो यात्रियों और दो क्रू मेंबर ने फिर से बेचैनी और चक्कर आने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें मेडिकल रूम ले जाया गया। जांच के बाद में उन्हें जाने दिया गया।
छत्रपति संभाजीनगर में कार पलटने से तीन की मौत
छत्रपति संभाजीनगर जिले में एक कार के सड़क डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मंगलवार रात करीब 11 बजे फुलंबरी तहसील के बिलदा गांव के पास छत्रपति संभाजीनगर-जलगांव राजमार्ग पर हादसा हुआ। तेज गति से आ रहा चार पहिया वाहन सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गया। कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनकी पहचान सैयद मारूफ (18), अरफात बागवान (20) और रेहान सैयद के रूप में हुई है। ये सभी स्थानीय निवासी थे। दो अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
नागपुर-गोवा शक्तिपीठ एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण को मंजूरी
नागपुर से गोवा के बीच सबसे लंबे शक्तिपीठ एक्सप्रेस वे को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने फिर हरी झंडी दे दी है। विधानसभा चुनावों के दौरान किसानों के विरोध के बाद भूमि अधिग्रहण रोक दिया गया था। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में एक्सप्रेस-वे के भूमि अधिग्रहण के लिए 20 हजार करोड़ खर्च को मंजूरी दी गई।