महाराष्ट्र पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में नवी मुंबई से तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गुप्त सूचना के आधार पर नवी मुंबई एटीएस ने तलोजा इलाके में एक आवासीय परिसर में छापेमारी की। तलोजा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने एक बांग्लादेशी दंपति और 35 वर्ष की एक अन्य महिला को पकड़ा, जो नवी मुंबई के एक फ्लैट में अवैध रूप से रह रहे थे।
फिल्म के खिलाफ मालेगांव विस्फोट मामले के आरोपी ने दाखिल किया आवेदन
मालेगांव विस्फोट मामले के आरोपी समीर कुलकर्णी ने फिल्म 'मैच फिक्सिंग: द नेशन एट स्टेक' के खिलाफ विशेष एनआईए अदालत में आवेदन दाखिल किया है और फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि फिल्म मालेगांव विस्फोट मामले पर आधारित है और मुकदमा अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए अदालत को 15 नवंबर को फिल्म की रिलीज पर रोक लगानी चाहिए। अदालत ने अभियोजन पक्ष से इस पर जवाब दाखिल करने को कहा है और मामले को दीवाली की छुट्टी के बाद पांच नवंबर को सुनवाई के लिए रखा है।