महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री राजेंद्र शिंगने ने शनिवार को शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में वापसी की है। शिंगने पिछले साल राकांपा (शरदचंद्र पवार) छोड़कर अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हो गए थे, जो वर्तमान में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है। शिंगने की पार्टी में वापसी पर उनका स्वागत शरद पवार और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के राज्य प्रमुख जयंत पाटिल ने किया। इस मौके पर हर्षवर्धन पाटिल और विजय सिंह मोहिते पाटिल भी मौजूद थे, जो हाल ही में राकांपा (शरदचंद्र पवार) में शामिल हुए हैं। राजेंद्र शिंगने महाराष्ट्र के सिंधकेदराजा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं। चुनावों के बीच उनकी वापसी से पार्टी में उत्साह देखा जा रहा है।
पुणे के नवी पेठ इलाके में हादसा, लाइब्रेरी में लगी आग
महाराष्ट्र में पुणे के नवी पेठ इलाके की एक लाइब्रेरी में आग लगी गई। पुणे शहर अग्निशमन विभाग के अग्निशमन अधिकारी राजेश जगताप ने बताया कि सुबह के साढ़ छह बजे आग लगी। चार दमकल की गाड़ियों और दो पानी की टैंकरों की मदद से आग बुझया गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। लाइब्रेरी पूरी तरह से नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है।
मुंबई में ट्रक और बस की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत
मुंबई में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस शुक्रवार की देर रात को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि सात घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना पुणे जिले के लोनावाला के पास घटी। अधिकारी ने कहा, अहमदनगर के पाथर्डी डिपो की बस मुंबई जा रही थी, तभी वह एक ट्रक से टकरा गई। दोनों वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस हदसे के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
मुंबई कस्टम के अधिकारियों ने जब्त किया 2.4 किलो सोना
मुंबई कस्टम अधिकारियों ने 1.70 करोड़ रुपये मूल्य का लगभग 2.427 किलोग्राम सोना और 42.14 लाख रुपये के स्मार्टफोन समेत कई उपकरण जब्त करने की सूचना दी। 16 से 18 अक्तूबर तक चले इस अभियान में सात अलग-अलग मामले शामिल हैं। जब्त किया गया सामान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रखे एक कूड़ेदान के अंदर और अंडरगार्मेंट में पाया गया। अधिकारी तस्करी गतिविधियों से निपटने के लिए जांच तेज कर दिए।
एक अन्य मामले में एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने मोम में लिपटे 24 कैरेट सोने के दो टुकड़ों को जब्त किया। इसकी कीमत 72,54,675 रुपये बताई जा रही है। यात्री केन्या केन्या, जेद्दा, दुबई और रा-अल-खैमा से थे। उन्होंने सारा सामान बैगेज में छिपाकर रखा था। मुंबई कस्टम के अनुसार, 15 से 16 अक्तूबर के बीच उन्होंने दो मामले में 1.25 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया।
मुंबई के प्रवेश बिंदुओं पर टोल माफी मनसे के आंदोलन की सफलता: राज ठाकरे
राज्य सरकार ने मुंबई में प्रवेश करने वाले सभी पांच टोल बूथों पर हल्के मोटर वाहनों के लिए टोल शुल्क को पूरी तरह से माफ कर दिया है। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले इसे महायुति सरकार का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। वहीं, इस फैसले पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि मुंबई में हल्के वाहनों के लिए टोल माफ होना हमारी सफलता है क्योंकि हमारी पार्टी ने टोल लगाने के खिलाफ आंदोलन किया था।
राज ठाकरे ने शुक्रवार को ठाणे नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा, 'टोल माफी मनसे के आंदोलन की सफलता है। हर कोई आज इस कदम से खुश है। कई वर्षों के आंदोलन के बाद हम आखिरकार सफल हुए और मैं हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। लेकिन आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ दर्ज मामलों को अब वापस लिया जाना चाहिए।'
ठाकरे ने कहा, 'पिछले कई वर्षों से टोल जमा किया जा रहा है। हमें नहीं पता कि कितना जुटाया गया है या वह पैसा कहां गया।'
पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मनसे अध्यक्ष ने यहां 11 साल की लड़की से छेड़छाड़ के मामले की गहन जांच की मांग की। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन एक स्थानीय अदालत ने उसे जमानत दे दी थी। वहीं, ठाकरे ने पुलिस से पीड़िता का बयान दोबारा दर्ज करने और फिर इस कृत्य की जांच में आगे बढ़ने का आग्रह किया।
ठाणे: बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में पांच साल की एक बच्ची से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार दोपहर बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी यह घटना घटी। एक अधिकारी ने बताया, "मोहम्मद आरजू बद्रीआलम शाह नामक 22 वर्षीय आरोपी ने बच्ची के पास जाकर उसे मिठाई दी। इसके बाद उसने बच्ची को गलत तरीके से छुआ। डरकर बच्ची अपनी मां के पास गई और घटना के बारे में बताया। जल्द ही लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की।"
नवी मुंबई: अधिकारियों ने विरोध के बाद आवासीय परिसर में शराब की दुकान खोलने की नहीं दी अनुमति
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अधिकारियों ने नवी मुंबई के एक आवासीय परिसर में शराब की दुकान के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह फैसला स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं के विरोध के बाद लिया गया है। पणवेल स्थित एनके हेरिटेज कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के निवासियों ने इस प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध किया था। उनका कहना था कि इस दुकान के कारण कुछ असामाजिक तत्व महिलाओं और लड़कियों के लिए समस्याएं पैदा कर सकते हैं। निवासियों ने इस मामले में कलेक्टर के पास ज्ञापन सौंपन था। जिसके बाद उन्होंने शराब विभाग को स्थल का निरीक्षण करने का आदेश दिया। महिलाओं के विरोध के देखते हुए कलेक्टर ने शराब की दुकान खोलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
मुंबई हवाई अड्डे पर यात्री से 1.452 किलोग्राम गांजा बरामद
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियो ने एक यात्री को रोककर उससे 1.452 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया है। यात्री बैंकॉक से लौट रहा था। इसकी अवैध बाजार में कीम करीब 1.452 करोड़ रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुणे में ज्वैलर को मिली धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
पुणे के एक जाने-माने ज्वैलर को एक धमकी भरा मेल मिला है। जिसें ईमेल भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताते हुए करोड़ों रुपये की मांग की है। यह जानकारी शनिवार को एक अधिकारी ने दी। पुणे पुलिस ने दो दिन पहले भेजे गए इस ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईमेल भेजने वाले ने खुद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया है। हम यह पता लगा रहे हैं कि क्या यह किसी जालसाज ने भेजा है या किसी और ने।
बच्चे के अपहरण के आरोप में महिला गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में साढ़े तीन साल के एक लड़के का अपहरण करने के आरोप में शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया गया। वलिव पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि बच्चा सुबह नालासोपारा के हवाईपाड़ा इलाके से लापता हो गया था। बच्चे को उसकी मां पास के ट्यूशन क्लास में ले गई। कुछ समय बाद जब बच्चे की मां बाहर थी तो एक महिला पहुंची और कहने लगी उसे बच्चे को कुछ दवा देनी है। इस बहाने उसने बच्चे का अपहरण कर लिया। बच्चे की मां ने मामला दर्ज कराया। शिकायत के बाद पांच पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सबरीन शेख (22) नाम की महिला की पहचान की और उसे बांद्रा से गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को आरोपी के एक रिश्तेदार के नायगांव घर से बचाया गया। उसके माता-पिता के साथ फिर से मिला दिया गया। पुलिस ने बताया कि महिला ने लड़के का अपहरण किया था क्योंकि उसके पिता ने बच्चे के चाचा के साथ उसके रिश्ते का विरोध किया था।