उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य सरकार एक महीने के लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद लोगों को आर्थिक देगी। इससे करीब 5400 करोड़ रुपयों का बोझ पड़ेगा। अन्न सुरक्षा योजना के तहत राज्य के करीब 7 करोड़ लोगों को अगले एक महीने तक 3-3 किलो गेंहू और 2-2 किलो चावल मुफ्त दिया जाएगा। सरकार अगले एक महीने तक गरीबों को पका हुआ खाना भी मुहैया कराएगी। महाराष्ट्र इमारत कामगार कल्याण मंडल योजना के तहत 12 लाख मजदूरों, 5 लाख रजिस्टर्ड फेरीवालों और 12 लाख ऑटो वालों को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। वहीं आदिवासियों को महीने के 2 हजार रुपये सरकार देगी।
राज्य में क्या-क्या बंद रहेगा
महाराष्ट्र में आज से सिनेमाघर, थिएटर, ऑडिटोरियम, मनोरंजन पार्क, जिम, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बंद रहेंगे। फिल्मों और सीरियल की शूटिंग पर रोक लगा दी गई है। जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी दुकानें और मॉल बंद रहेंगे। पूजा के सभी स्थल, स्कूल, कॉलेज और निजी कोचिंग सेंटर, सैलून, स्पा और ब्यूटी पार्लर भी 1 मई सुबह 7 बजे तक बंद रहेंगे। सभी धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन पर पाबंदी रहेगी।
ये सेवाएं खुली रहेंगी
राज्य में जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य दफ्तर बंद रहेंगे। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद नहीं किया गया है, लेकिन लोकल ट्रेन और बसों का इस्तेमाल केवल जरूरी सेवाओं में लगे लोग ही कर पाएंगे। ई-कॉमर्स सेवा (जरूरी वस्तुओं की डिलीवरी), पेट्रोल पंप और सेबी से जुड़े वित्तीय संस्थान खुले रहेंगे। एटीएम खुले रहेंगे और बैंकों में कामकाज जारी रहेगा। निर्माण कार्य भी किए जा सकते हैं। हालांकि, कंस्ट्रक्शन कंपनियों से कहा गया है कि वे मजदूरों के साइट पर रहने की ही व्यवस्था करें। होटल और रेस्तरां को केवल टेक अवे और होम डिलीवरी की इजाजत दी गई है।
सभी अस्पताल, जांच केंद्र, क्लीनिक, वैक्सीनेशन सेंटर, मेडिकल इंस्योरेंस ऑफिस, दवा की कंपनियां और दुकानें, सेनिटाइजर्स, मास्क सहित मेडिकल इक्विपमेंट के निर्माण, वितरण, बिक्री आदि को पाबंदियों से पूरी तरह छूट दी गई है। सब्जियों, फलों, डेयरी, बेकरी और किराना दुकानें खुली रहेंगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट, टैक्सी, ऑटो और पब्लिक बसें चलती रहेंगी, लेकिन इनमें केवल जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को सफर की इजाजत होगी। मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही बाधित नहीं होगी। डेटा सेंटर्स, क्लाउड सर्विसेज और आईटी सर्विसेज को भी पाबंदियों से छूट दी गई है। सरकारी, प्राइवेट सिक्यॉरिटी सर्विसेज, गैस सप्लाई सर्विस, पोस्टल सर्विस को छूट के दायरे में रखा गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 60,212 नए मामले सामने आए और 281 की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नए कोरोना मरीजों के सामने आने के साथ ही राज्य में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 35,19,208 हो गई, जबकि अब तक कुल 58,526 लोगों की महामारी से मौत हो चुकी है।