राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सुप्रीमो शरद पवार ने गुरुवार को आम पाकिस्तानियों की मेहमाननवाजी की तारीफ की। साथ ही पवार ने कहा कि आम पाकिस्तानी हमारा विरोधी नहीं है। पुणे में ईद मिलन के एक कार्यक्रम में पवार ने कहा कि उनका व्यक्तिगत अनुभव है कि आम पाकिस्तानी हमारा विरोधी नहीं है, जिन्हें राजनीति करनी है और सेना के साथ मिलकर सत्ता पर काबू रखना है, वे ही संघर्ष और नफरत का माहौल बनाए रखना चाहते हैं। लेकिन वहां अधिकतर लोग यही सोचते हैं कि कैसे शांति कायम रहे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में वह जब भी पाकिस्तान गए, गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया गया। गलत नेतृत्व को लेकर अपनी चिंता जताते हुए पवार ने कहा कि बहुत से पाकिस्तानियों के भारत में रिश्तेदार हैं। वे उनसे मिलने के लिए परेशान हैं, लेकिन अगर नेतृत्व ठीक नहीं है तो कुछ भी हो सकता है।
कराची में रेस्तरां मालिक ने नहीं लिए थे पैसे
पवार ने एक वाकया सुनाया कि जब वह क्रिकेट टीम को लेकर कराची गए थे, तो मैच समाप्त होने के बाद सभी एक रेस्तरां में पहुंचे। जब बिल देने लगे तो रेस्तरां मालिक ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और कहा कि आप तो हमारे मेहमान हैं।
भाजपा ने शेयर किया पवार का भाषण, हिंदू से नफरत करने वाला बताया
राकांपा की युवा शाखा के एक नेता ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस के साइबर सेल से संपर्क कर भाजपा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा ने बुधवार को भाषण का एक छोटा वीडियो ट्वीट कर दावा किया था कि नास्तिक शरद पवार हमेशा से हिंदू धर्म से नफरत करते हैं। अगर पवार ने हिंदू धर्म, जातिवाद और देवताओं का अपमान न किया होता, तो आज वे इतने बड़े नेता नहीं बने होते। इस उम्र में आप पर जो जंचे वही बयान दीजिए पवार साहब! एनसीपी की युवा शाखा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सूरज चव्हाण ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि ट्विटर पर इस तरह के गुस्से वाले वीडियो को साझा करके समुदायों में विभाजन पैदा करने और कानून व्यवस्था की समस्या पैदा करने का प्रयास किया गया।