बंदरों का उत्पात तो बहुत से लोगों ने अपनी आंखों से देखा होगा लेकिन क्या आपने कभी इस लड़ाई में किसी स्कूल की दीवार गिरने के बारे में सुना है। शायद नहीं मगर महाराष्ट्र के जालना जिले के पिपलगांव में ऐसी घटना घटी है। यहां बंदरों के दो गुटों में वर्चस्व की लड़ाई हुई जिसमें 59 साल पुराने स्कूल की दीवारें गिर गईं।
घटना के समय स्कूल में 134 बच्चे मौजूद थे। हालांकि खुशकिस्मती यह रही कि उस समय बच्चों की छुट्टी हो रही थी। इस कारण सभी बाहर निकल चुके थे। इससे एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। हुआ यूं कि बंदरों का एक समूह शुक्रवार को जिला परिषद स्कूल में पानी पीने के लिए आया था। कुछ देर बाद दूसरा गुट भी वहां पहुंच गया। इसी बीच दोनों में वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई।
इस दौरान बंदरों ने स्कूल की छत पर काफी उत्पात मचाया जिससे कक्षाओं की दीवारें गिर गईं। वन अधिकारी संतोष दोडके ने बताया कि पिछले 6 महीने से गांव में बंदरों की संख्या काफी बढ़ रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर बंदरों को पकड़ने की मुहिम चलाई जा रही है। जिसके अंतर्गत 261 बंदरों को अभी तक पकड़ा जा चुका है।