देवेंद्र फडणवीस-अजित पवार (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र में सभी को चौंकाते हुए शनिवार सुबह देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री और अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जिसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति पल-पल बदलती हुई दिखाई दी। अब कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसकी पुष्टि कांग्रेस के विधायक नितिन राउत ने की है। कहा जा रहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अपना इस्तीफा सौंपा है। दोपहर 3.30 बजे फडणवीस मीडिया से बात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि वह अपने इस्तीफे का भी एलान कर सकते हैं।
अजित पवार को लेकर आज सुबह से ही अटकलों का बाजार गर्म चल रहा था। अजित पवार से मिलने के लिए पहले बहन सुप्रिया सुले पहुंची थी। जिन्होंने उन्हें मनाने की कोशिश की। इसके बाद एनसीपी अध्यक्ष और चाचा शरद पवार खुद अजित से मिले। जिसमें उन्होंने कहा कि आपको माफ कर दिया है पार्टी में वापस लौट आइये। हालांकि पवार ने अजित पर तल्ख होते हुए कहा कि इस्तीफा दो या कल विधानसभा से बाहर रहो। अजित ने बहुमत परीक्षण से पहले सरकार को झटका देते हुए इस्तीफा दिया है।
बहुमत परीक्षण से 24 घंटे पहले दिया इस्तीफा
अजित पवार की जब सुप्रिया सुले के पति सदानंद से मुलाकात की खबरें सामने आई थीं तभी से माना जा रहा था कि वह शरद पवार के खेमे में वापस जा सकते हैं। शीर्ष अदालत ने बुधवार को विधानसभा में बहुमत परीक्षण कराने का आदेश दिया। जिसके बाद से ही फडणवीस और अजित सरकार की राह मुश्किल मानी जा रही थी। पवार ने बहुमत परीक्षण से लगभग 24 घंटे पहले पद से इस्तीफा दे दिया है।