फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: नए साल के स्वागत को तैयार मुंबई, 14000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात; चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम

Tue, 31 Dec 2024 12:51 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुंबई में नए साल की पूर्व संध्या पर कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। 

विज्ञापन


इन जगहों पर भीड़ उमड़ने की उम्मीद
अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि शहर के प्रमुख स्थानों जैसे गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड, जुहू और वर्सोवा समुद्र तटों पर बड़ी भीड़ जमा होने की संभावना है। इसके अलावा, कई होटलों, रेस्तरां और मॉल्स में जश्न मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक जारी रहने की उम्मीद है।

ये पुख्ता इंतजाम किए गए
इसलिए, पुलिस ने शहर में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कड़ी निगरानी रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि 12,000 से अधिक पुलिस कांस्टेबल, 2,184 अधिकारी, 53 सहायक आयुक्त, 29 उप पुलिस आयुक्त और आठ अतिरिक्त पुलिस आयुक्तों की तैनाती की गई है।
विज्ञापन


सीसीटीवी से की जाएगी निगरानी
पुलिसकर्मी भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर साधे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इसके अलावा, नए साल की खुशियों को लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ), क्विक रेस्पांस टीम, बम निरोधक दस्ते, दंगा नियंत्रण पुलिस और होमगार्ड्स की टुकड़ियां भी सुरक्षा में तैनात रहेंगी।

सड़कों पर बढ़ाई जाएगी गश्त
महत्वपूर्ण सड़कों पर नाकाबंदी (पुलिस चेक पोस्ट) भी की जाएगी और सड़कों पर गश्त बढ़ाई जाएगी। पुलिस के ट्रैफिक शाखा द्वारा शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, महिलाओं से छेड़छाड़ और अवैध शराब बिक्री से संबंधित मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बीड में अनावश्यक हथियार लाइसेंस रद्द किए जाएंगे: पुलिस

महाराष्ट्र के बीड जिले में जारी किए गए सभी हथियार लाइसेंसों की पुलिस जांच कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस हर मामले में यह पुष्टि कर रही है कि व्यक्ति को बंदूक की वैध जरूरत है या नहीं।

सोमवार को बीड के पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवत ने बताया कि जिन लोगों की बंदूक लहराते हुए तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

मध्य महाराष्ट्र के इस जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति नौ दिसंबर को मासजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की नृशंस हत्या और उससे संबंधित जबरन वसूली के मामले के बाद सामने आई। पिछले एसपी का तबादला किए जाने के बाद हाल ही में बीड में कार्यभार संभालने वाले कंवत ने कहा, 'हम सभी मामलों में हथियार लाइसेंस की जरूरत की जांच कर रहे हैं। जहां जरूरत नहीं होगी, हम लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश करेंगे।'

स्थानीय भाजपा विधायक सुरेश धास की मांग के बारे में पूछे जाने पर कि प्रत्येक मामले में यह भी जांच की जानी चाहिए कि किसी व्यक्ति को हथियार लाइसेंस जारी करने की सिफारिश किसने की थी, एसपी ने कहा, 'पुलिस कानून और व्यवस्था की स्थिति और (आवेदक के) इतिहास को ध्यान में रखते हुए आवेदन की जांच करती है, लेकिन लाइसेंस जारी करने का अधिकार जिला कलेक्टर के पास है।' उन्होंने कहा कि पुलिस जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्प है।

वायु प्रदूषण: बीएमसी ने कहा, मुंबई में सड़क खुदाई के लिए नई अनुमति नहीं दी जाएगी
वायु प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे मुंबई नगर निगम ने मंगलवार को शहर में सड़कों की खुदाई के लिए नई अनुमति नहीं देने का फैसला किया। नगर निगम ने एक विज्ञप्ति में कहा, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आयुक्त और प्रशासक भूषण गगरानी ने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति पाइपलाइनों की मरम्मत के लिए सड़क निर्माण कार्य को अनुमति नहीं दी गई है। बीएमसी ने कहा, 'सड़क खुदाई कार्य को वायु प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारक के रूप में पहचाना गया है।'

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण परियोजनाओं को कारण बताओ नोटिस और काम रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। खराब वायु गुणवत्ता और 200 एक्यूआई के मद्देनजर बीएमसी की तरफ से इन क्षेत्रों में बिल्डरों या सरकारी एजेंसियों की परियोजनाओं पर काम रोकने का आदेश दिए जाने के एक दिन बाद मंगलवार शाम तक बायकुला क्षेत्र में 33 निर्माण परियोजनाओं और बोरीवली (पूर्व) में 45 परियोजनाओं पर काम रोकने के नोटिस दिए गए। निर्माण परियोजनाओं से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए, बीएमसी ने 28 बिंदुओं वाले दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इसके अतिरिक्त, परियोजना डेवलपर्स, भवन ठेकेदारों और वास्तुकला परियोजना (मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) ठेकेदारों को अब पर्यावरण प्रबंधन योजना (ईएमपी) तैयार करना अनिवार्य है। बीएमसी आयुक्त के निर्देशों के अनुसार, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग ने नवंबर 2024 से अब तक 877 निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण किया है, जिसमें दिशा-निर्देशों और ईएमपी अनुपालन का आकलन किया गया है।
विज्ञापन

लीलावती अस्पताल के पूर्व ट्रस्टियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने 85 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में यहां लीलावती अस्पताल के पूर्व ट्रस्टियों चेतन विजय मेहता, रश्मी मेहता और भाविन मेहता के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की है। एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान ट्रस्टी मोहित सुरेश माथुर की शिकायत पर सोमवार को बांद्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि 2000 और 2023 के बीच ट्रस्टियों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ट्रस्ट पर कब्जा हासिल किया। वकीलों की फीस, परामर्श शुल्क और दवाओं की खरीद के नाम पर पैसे निकाले गए और इसका इस्तेमाल निजी कार्यों के लिए किया गया। माथुर ने मजिस्ट्रेट अदालत में याचिका दायर कर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की थी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, अदालत के आदेश पर प्राथमिकी आईपीसी की धाराओं में दर्ज की गई, क्योंकि अपराध की घटना 2024 से पहले की है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें