नशे की हालत में दोस्त की हत्या करने के आरोपी को अदालत ने किया बरी
महाराष्ट्र के थाने जिले की अदालत ने 29 साल के शख्स को बरी कर दिया है। उस पर नशे की हालत में अपने दोस्त पर हमला करने और उसकी हत्या करने का आरोप था।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस बी अग्रवाल ने आशु छोटेलाल बर्मन को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत आरोपों से बरी करते हुए कहा कि मामले में दूसरा पहलू भी हो सकता है इसे ध्यान में रखते हुए बरी किया जाना चाहिए। यानी संदेह का लाभ दिया जाना चाहिए। बता दें, यह आदेश 24 सितंबर को जारी किया गया था।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, बर्मन ने 15 अक्तूबर, 2020 को 150 रुपये की राशि को लेकर शराब के नशे में विवाद के बाद अपने दोस्त राजू उर्फ सुदामा राजकरण पटेल पर हमला कर दिया था। पीड़ित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने संकेत दिया कि मौत का कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट, शॉक, पॉलीट्रॉमा था और इसके बाद फोरेंसिक जांच हुई।
सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने कहा, 'हालांकि ऐसा लगता है कि उस वक्त कुछ झगड़ा हुआ था, लेकिन स्पष्ट और ठोस सबूत के अभाव में आरोपी को हत्या के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।'
न्यायाधीश अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि ऐसी परिस्थितियों में, आरोपी संदेह के लाभ का हकदार है और उसे बरी कर दिया।
सीएम शिंदे की आंख की सर्जरी हुई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की आंख की सर्जरी हुई है। 60 वर्षीय शिंदे की बुधवार को ठाणे में सर्जरी हुई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। चिकित्सकीय सलाह के कारण शिंदे लड़की बहिन योजना से संबंधित आधिकारिक समारोह के लिए शिरडी नहीं गए। उनके सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।