एमबीबीएस छात्रा सादिच्छा साने की हत्या के आरोपी के घर से जब्त की गई एक फ्लोटिंग ट्यूब पर खून के धब्बे मिले हैं। मुंबई पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। एमबीबीएस थर्ड ईयर की छात्रा साने (22 वर्षीय) नवंबर 2021 में लापता हो गयी थी। लाइफगार्ड मिट्टू सिंह को पिछले महीने एक और व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, मिट्टू सिंह के साथ झगड़े के दौरान बांद्रा बैंडस्टैंड में चट्टान से गिरने के बाद साने की मौत हो गई, जिसके बाद सिंह ने एक फ्लोटिंग ट्यूब ली और लौटने से पहले उसके शव को समुद्र में खींच लिया।
अधिकारी ने बताया कि जांच दल ने पंचनामा के दौरान मिट्टू सिंह के घर से फ्लोटिंग ट्यूब के साथ-साथ घटना की रात उसके द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए। उन्होंने बताया कि चट्टान से गिरने के दौरान साने के माथे पर लगी चोट के खून के धब्बे फ्लोटिंग ट्यूब पर पाए गए हैं और यह आरोपी को पकड़ने के लिए मजबूत सबूत हो सकता है।
अधिकारी ने बताया कि जांच के तहत पहचान और अन्य विवरणों के लिए खून के धब्बों का साने के परिजनों से मिलान किया जाएगा। मुंबई पुलिस और नौसेना की टीम ने साने के शव का पता लगाने के लिए बांद्रा बैंडस्टैंड के पास समुद्र में सर्च अभियान चलाया था, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सिंह मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में बंद है, जबकि एक और व्यक्ति को 15 जनवरी को हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
दुष्कर्म के आऱोप में अरबी भाषा का शिक्षक गिरफ्तार
अरबी भाषा के एक शिक्षक (25 वर्षीय) को अपनी दो नाबालिग छात्राओं के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ ओशिवारा में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
फर्जी कॉल सेंटर चलाकर भारतीय और विदेशी नागरिकों को ठगने वाला युवक गिरफ्तार
मुंबई में 28 वर्षीय व्यक्ति को फर्जी कॉल सेंटर चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी विदेशी मुद्रा और जिंस कारोबार में मदद करने के बहाने भारतीय और अमेरिकी नागरिकों के साथ कथित तौर पर ठगी करता था। बांगुर नगर थाने के अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मलाड के उत्तरी उपनगर से फर्जी कॉल सेंटर संचालित करने वाले व्यक्ति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो सहयोगी फरार हैं। उन्होंने कहा कि मलाड लिंक रोड पर एक वाणिज्यिक परिसर में एक दुकान पर छापा मारने के बाद गिरफ्तारी की गई, जहां से फर्जी कॉल सेंटर संचालित हो रहा था। उन्होंने कहा, हमें इस तरह से ठगे गए कम से कम 100 व्यक्तियों का विवरण मिला है। हमने छापेमारी के दौरान मौके से मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, कंप्यूटर व अन्य सामग्री जब्त किए हैं। पुलिस फिलहाल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।