फडणवीस के कार्यालय के सामने हनुमान चालीसा का जाप करेंगी महिलाएं
महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सदस्य अपनी मांगों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए सोमवार को नागपुर शहर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय के सामने हनुमान चालीसा का जाप करेंगी। शहर की पुलिस ने रविवार को विरोध प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले फडणवीस के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी है। महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मानदेय जारी करने की मांग को लेकर एक सप्ताह से फडणवीस के गृहनगर नागपुर शहर में प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने वाले निहाल पांडे ने कहा कि सोमवार सुबह डीवाईसीएम फडणवीस के आवास के पास संविधान चौराहे से त्रिकोनी पार्क तक एक रैली निकाली जाएगी। पांडे ने कहा, महिलाएं हनुमान चालीसा पढ़ेंगी ताकि फडणवीस की आंखें खुल जाएं।
ठाणे से राकांपा नेता भाजपा में शामिल हुए
महाराष्ट्र के ठाणे जिले से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक नेता नासिक में भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल ने कहा कि राकांपा की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष दशरथ थिवरे का उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने भाजपा में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि थिवरे के साथ करीब 800 एनसीपी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए, जो ठाणे जिला परिषद के उपाध्यक्ष और एनसीपी की ठाणे ग्रामीण इकाई के प्रमुख थे और जिले के शहापुर इलाके में उनकी मौजूदगी है।