आव्रजन अधिकारियों ने ठाणे से संचालित एक कथित अवैध अंडाणु दान और सरोगेसी रैकेट का पर्दाफाश करने के बाद सहार पुलिस ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक, सुनोती बेलेल (44) पर आरोप है कि उसने भारत और विदेशों में स्थित प्रजनन केंद्रों को अविवाहित महिलाओं को अंडाणु आपूर्तिकर्ता के रूप में उपलब्ध कराया। इन महिलाओं को जाली दस्तावेजों की मदद से विवाहित दिखाया गया, क्योंकि भारतीय कानून के तहत अविवाहित महिला अंडाणु दान नहीं कर सकती।
कल्याण निवासी बेलेल को शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे बैंकॉक से आने के बाद हिरासत में लिया गया। लगभग 30 मिनट बाद एक अन्य महिला यात्री, सीमा विनजरात (29), जो ठाणे की निवासी हैं, बैंकॉक से पहुंचीं और उन्हें भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। आव्रजन अधिकारी वैभव भोसले ने अपनी शिकायत में कहा कि जब बेलेल बैंकॉक की अपनी यात्रा के उद्देश्य के बारे में संतोषजनक जवाब देने में विफल रही, तो उन्हें संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान अधिकारियों को पता चला कि सीमा अंडाणु दान परीक्षणों के लिए दाता के रूप में बेलेल के साथ बैंकॉक गई थी और कथित तौर पर उसे यात्रा के लिए एक बड़ी रकम का भुगतान किया गया था।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री व भाजपा नेता राज पुरोहित का निधन
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित का बीमारी के कारण निधन हो गया। परिजनों के मुताबिक, भाजपा नेता पुरोहित ने शनिवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मुंबई भाजपा के प्रमुख चेहरों में से एक पुरोहित पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष रह चुके थे और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री भी रहे थे। इसके अलावा, वह 2014 से 2019 तक विधानसभा में भाजपा के मुख्य दल-प्रबंधक थे। पुरोहित को एक समय मुंबई भाजपा के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माना जाता था, उनका दक्षिण मुंबई में खासा प्रभाव था।
पार्टी नेताओं ने कहा कि उनके निधन के कारण महाराष्ट्र ने एक दिग्गज राजनीतिक और सामाजिक विद्वान खो दिया है, जिनका जमीनी स्तर पर लोगों से गहरा जुड़ाव था। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें पुरोहित के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने कहा, मुंबई नगर निगम के पार्षद, विधानसभा सदस्य और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहे मेरे दोस्त राज पुरोहित एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे, जिनका लोगों से गहरा जुड़ाव था।
बीड़ में पुलिस वैन और बाइक की टक्कर, महिला सहित दो घायल
महाराष्ट्र के बीड़ जिले में पुलिस एस्कॉर्ट वैन और एक मोटरसाइकिल की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक बाइक सवार और क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी घोटाले की आरोपी महिला शामिल है। यह हादसा शनिवार शाम करीब 5 बजे अंबाजोगाई–बीड़ रोड पर येलंब घाट के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, वैन में सुरेश कुटे और उनकी पत्नी अर्चना कुटे को ले जाया जा रहा था, जिन्हें ज्ञानराधा मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी से जुड़े करीब 3,500 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के मामले में पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। दोनों को कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस हिरासत में अंबाजोगाई से बीड़ लाया जा रहा था, तभी वैन की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वैन में सवार आरोपी अर्चना कुटे को भी चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
साइबर पुलिस ने डिजिटल गिरफ्तारी के पीड़ित को 2 करोड़ रुपये का रिफंड दिलाया
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने देश के अब तक के सबसे बड़े ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पीड़ित को 2 करोड़ रुपये की राशि वापस दिलाई है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 72 वर्षीय मुंबई निवासी से साइबर ठगों ने 58.13 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
महाराष्ट्र साइबर के अनुसार, यह रकम अदालत के आदेश के जरिये पहली किस्त के रूप में वापस कराई गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कई संपत्तियां भी फ्रीज कर दी गई हैं। पीड़ित और उनकी पत्नी को पिछले साल दो महीने से अधिक समय तक ठगों ने डिजिटल अरेस्ट में रखा था। आरोपी खुद को सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर डराते रहे और अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। जब पूरी रकम चली गई, तब पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य फरार आरोपी देवेंद्र सैनी की गिरफ्तारी के लिए 3 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। सैनी को ठगी गिरोह का अहम ऑपरेशनल हैंडलर बताया गया है और वह अब भी फरार है। अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है और बाकी रकम वापस दिलाने के लिए भी कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।