शिवसेना प्रवक्ता राउत ने कहा कि मंगलवार को शिवसेना भवन में शाम 4 बजे हमारी प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। हमाम में सब नंगे होते हैं। नींद उड़ गई है उनकी, जो करना है ...कर लीजिए, मैं डरनेवाला नहीं हूं।'
महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गर्मा सकती है। किसी जमाने में दोस्त रहे शिवसेना व भाजपा के बीच सियासी शत्रुता बढ़ती जा रही है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने सोमवार को संकेत दिया कि अगले कुछ दिनों में भाजपा के 'साढ़े तीन नेता' जेल जाएंगे। राउत ने कहा कि हमने बहुत बर्दाश्त किया है, अब बर्बाद भी हम ही करेंगे। राउत के इस दावे से सियासी हलचल तेज हो गई है।
विज्ञापन
शिवसेना प्रवक्ता राउत ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मंगलवार को शिवसेना भवन में शाम 4 बजे हमारी प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इसमें शिवसेना के सभी बड़े नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। हमाम में सब नंगे होते हैं। नींद उड़ गई है उनकी, जो करना है ...कर लीजिए, मैं डरनेवाला नहीं हूं।'
यूपी चुनाव को लेकर यह कहा था
शिवसेना नेता राउत ने रविवार को कहा था कि यूपी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की सपा सत्तारूढ़ बीजेपी पर बढ़त बनाए हुए है। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे उत्तर प्रदेश में शिवसेना उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। गोवा 'खिचड़ी' की स्थिति का सामना कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को 2012 से राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी पर बढ़त है। देवेंद्र फडणवीस (भाजपा के गोवा चुनाव प्रभारी) बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सब कुछ कर रहे हैं, जो वह कर सकते हैं, लेकिन वह जानते हैं कि गोवा में मौजूदा सत्ता भ्रष्ट और माफिया के पास है।
विज्ञापन
बेटियों की वाइन कंपनी के पार्टनर पर ईडी के छापे से भड़के राउत
दरअसल, ईडी की टीम ने पिछले गुरुवार को शिवसेना नेता संजय राउत की बेटियों के पार्टनर सुजीत पाटकर के घर छापेमारी की थी। इसके बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। उस वक्त राउत ने कहा था, 'मैं ईडी का स्वागत करूंगा। बस झूठ न बोलें वर्ना उन्हें भुगतना पड़ जाएगा। यदि कोई एजेंसी राजनीतिक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए झूठ बोलती है, तो उन्हें इसका परिणाम भुगतना होगा। मैं बताना चाहूंगा की इस अवैध जांच के कारण अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक सभी जेल गए हैं।'
ईडी की जांच में पता चला है कि सुजीत पाटकर की वाइन कंपनी मेगपाई डीएफएस प्राइवेट लिमिटेड में ईडी संजय राउत की बेटियां उर्वशी और विदिता भी हिस्सेदार हैं। इस मामले की छानबीन के साथ ही ईडी संजय राउत की बेटी की ओर से इस उद्योग में लगाई गई जमापूंजी की भी जांच कर रहा है। वहीं एक दिन पहले बुधवार को ईडी ने संजय राउत के एक अन्य करीबी प्रवीण राउत को 1000 करोड़ रुपये के जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। सूत्रों का कहना है कि जमीन घोटाले के तार पाटकर से जुड़े हैं।