महाराष्ट्र में ठाणे जिले में 19 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में उत्तर प्रदेश से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को जानकारी दी कि यूपी के जौनपुर से 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसने निजी विवाद में यूपी निवासी की हत्या कर दी थी।
अपराध इकाई II के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन चौधरी ने कहा कि 8 नवंबर को यहां भिवंडी इलाके में नारपोली पुलिस थाना सीमा के अंतर्गत एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया और अपराध की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पीड़ित की पहचान की गई।
पीड़ित ने आरोपी की तीसरी पत्नी को अलग करने में मदद की थी
जांच के दौरान यह पता चला कि आरोपी इस बात से नाराज था कि पीड़ित ने उसकी तीसरी पत्नी को उससे अलग करने में मदद की थी। इसलिए उसने पीड़ित की हत्या कर दी। पुलिस को पता चला कि आरोपी अपनी पत्नी को भी मारना चाहता था जो उसे छोड़ने के बाद प्रतापगढ़ (यूपी) में थी और इसलिए उसने यूपी के लिए ट्रेन ली थी।
बैंक विवरण के आधार पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
आरोपी ने अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल बंद कर दिया, जिससे पुलिस के लिए उसे ट्रैक करना मुश्किल हो गया। तकनीकी जानकारी और आरोपी के बैंक विवरण के आधार पर, पुलिस ने उसे यूपी के जौनपुर जिले के बक्सा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में खोज निकाला। बताया गया कि आरोपी आदतन अपराधी था और उसके खिलाफ कई पुलिस थानों में चोरी, डकैती के प्रयास और हमले सहित लगभग 25 आपराधिक मामले दर्ज थे।